स्वतंत्र आवाज़
word map

हिंदू महासभा का पाकिस्तान के खिलाफ आक्रोश प्रदर्शन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 23 March 2013 09:07:56 AM

hindu mahasabha held protest against pakistan burn effigy in faridabad

फरीदाबाद, हरियाणा। अखिल भारत हिंदू महासभा उत्तर भारत के प्रभारी रविंद्र द्विवेदी और हिंदू युवक सभा उत्तर भारत के प्रभारी रविंद्र भाटी प्रत्याशी, फरीदाबाद लोकसभा के संयुक्त नेतृत्व में फरीदाबाद एनआईटी के प्याली चौक पर कार्यकर्ताओं ने आक्रोश प्रदर्शन किया और पाकिस्तान का पुतला फूंका। पुतले को मुखाग्नि रविंद्र द्विवेदी ने दी। हिंदू महासभा कार्यकर्ताओं ने प्याली चौक पर पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ता ‘पाकिस्तान मिटाना है-अखंड भारत बनाना है’। ‘पाकिस्तान को आतंकवादी देश घोषित करो’, पाकिस्तान होश में आओ, जैसे नारे लगा रहे थे।
रविंद्र द्विवेदी ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पाकिस्तान भारत का सबसे बड़ा शत्रु है और 65 साल से भारत की एकता और अखंडता को चुनौती देता आ रहा है। भारत के आंतरिक मामलों में पाकिस्तान की दखलंदाजी को हिंदू महासभा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। रविंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को आतंकवाद की सबसे बड़ी फैक्ट्री बताते हुए विश्व समुदाय से पाकिस्तान को आतंकवादी देश घोषित कर उसे विश्व बिरादरी से अलग करने का आह्वान किया।
रविंद्र द्विवेदी ने कहा कि भारत सरकार की पाकिस्तान के प्रति उदारवादी नीतियों से पाकिस्तान भारत में आतंकवादी घटनाओं को अंजाम दे रहा है। जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी हमले में सीआरपीएफ के पांच जवानों कीशहादत, हैदराबाद में बम विस्फोट और आठ जनवरी को सीमा पर सैनिकों का सिर काटना भारत सरकार की उदारवादी नीतियों की देन है। रविंद्र द्विवेदी ने भारत सरकार से उदारवादी नीतियों को त्यागकर पाकिस्तान और आतंकवाद के प्रति आक्रामक नीतियां अपनाने की मांग की। उन्होंने सन् 1947 में देश विभाजन के लिए कांग्रेस को दोषी ठहराते हुए भारत सरकार से पाकिस्तान पर सैन्य हमला कर पाकिस्तान का अस्तित्व विश्व के मानचित्र से मिटाना और अखंड भारत का निर्माण करने की अपील की। हिंदू युवक सभा उत्तर भारत के प्रभारी एवं फरीदाबाद लोकसभा के उम्मीदवार रविंद्र भाटी ने पाकिस्तान की नेशनल एसेंबली में भारत की संसद पर आतंकवादी हमले के मास्टर माइंड अफजल गुरू को फांसी के विरोध में प्रस्ताव पारित करने की निंदा करते हुए कहा कि पाकिस्तान का भारत विरोधी घिनौना चेहरा उजागर हो गया है। उन्होंने पाकिस्तान पर भारत के अंदरूनी मामलों में हस्तक्षेप कर भारत की एकता और अखंडता को चुनौती देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान निरंतर भारतीय सैनिकों की हत्याएं करवा रहा है और भारत सरकार पाकिस्तान के राजनेताओं के स्वागत सत्कार और भोज में व्यस्त रहती है, ऐसी निकम्मी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है, लोकसभा चुनाव में देश की जनता अपने वोट से सत्तारूढ़ दल को करारा सबक सिखाएगी।
हिंदू महासभा दिल्ली प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष सुशील मिश्र ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि पाकिस्तान का अस्तित्व भारत विरोध पर टिका है। सांप्रदायिकता की नींव पर बना पाकिस्तान इस्लाम के शांति और सद्भावना के मूल सिद्धांत को भूल चुका है। उन्होंने पाकिस्तान को हिंदुत्व और इस्लाम दोनों का सबसे बड़ा विरोधी राष्ट्र बताते हुए कहा कि भारत सरकार का पाकिस्तान से मित्रता का राग अलापना मुंगेरी लाल का हसीन सपना है, जो कभी पूरा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में छिपे दाउद और हाफिज सईद को भारत को सौंपने और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को भारत को लौटाने तक पाकिस्तान के साथ किसी भी प्रकार का रिश्ता रखने और वार्ता करने का हिंदू महासभा सदैव विरोध करती रहेगी।
आक्रोश प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम का संचालन फरीदाबाद के जिलाध्यक्ष अशोक कुशवाहा एवं दिल्ली के पूर्व प्रचार मंत्री जय सिंह ने किया। प्रदर्शन में हिंदू स्वराज्य सेना, श्रीरामधार फाउंडेशन, हिंदू महिला सभा, हिंदू किन्नर सेना और हिंदू छात्र सभा के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों का ज्ञापन केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे को फैक्स से भेजा।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]