स्वतंत्र आवाज़
word map

जन सूचना अभियान में जागरूकता के विशेष कार्यक्रम

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 22 March 2013 06:37:47 AM

harsh vardhan singh manral

सोमेश्वर। अल्मोड़ा। सोमेश्वर में पत्र सूचना ब्यूरो देहरादून के भारत निर्माण जन सूचना अभियान के दूसरे दिन बुधवार को लोगों को सूचना का अधिकार, राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन, महिला और बाल विकास तथा समाज कल्याण की योजनाओं के बारे में प्रमुखता से जानकारी दी गई। इसके अलावा एड्स नियंत्रण, वनवासी अधिकारों और श्रमिक कल्याण के बारे में भी बताया गया। अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार के ध्वजवाहक कार्यक्रमों के बारे में लोगों में जागरूकता पैदा करना है, ताकि वे उनका अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
इस समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व राजदूत और सामाजिक कार्यकर्ता हर्षवर्धन सिंह मनराल ने महिलाओं का आह्वान किया कि वे देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभाएं, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए स्वयं शिक्षित होने की जरूरत है, साथ ही उन्हें अपने बच्चों को अच्छे संस्कार और बेहतर शिक्षा देकर उनका भविष्य संवारना चाहिए। पर्वतीय क्षेत्रों की महिलाओं को वहां की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए मनराल ने उनकी स्थिति में सुधार लाने की जरूरत पर भी जोर दिया।
अल्मोड़ा के अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी रतन सिंह रावल ने जिले में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। डॉ आशीष अग्रवाल प्रभारी आयूष, सोमेश्वर ने राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ मिशन के बारे में लोगों को बताया। सहायक विकास अधिकारी कृषि देवेंद्र सिंह मेहरा ने किसानों को दी जा रही सुविधाओं और सेवाओं के बारे में जानकारी दी। राज्य में संचालित मेडिकल इमर्जेंसी सेवा 108 के बारे में जीवीके ईएमआरआई के संतोष कुमार ने कहा कि विशेष रूप से दुर्गम पहाड़ी इलाकों में यह सेवा चिकित्सकीय आपात स्थिति में लोगों और बच्चा जनने वाली महिलाओं की जान बचाने में बड़ी कारगर सिद्ध हुई है। उन्होंने बताया कि 108 नंबर पर फोन करने के बाद कम से कम समय में आपात सेवा की एंबुलेंस मरीज को अस्पताल पहुंचाने के लिए आ जाती है।
लोगों को बताया गया कि किस तरह से सरकारी और अर्द्ध सरकारी विभागों से संबंधित सूचना को सादे कागज पर आवेदन कर मात्र 10 रुपए का पोस्टल ऑर्डर लगाकर जनहित की कोई भी सूचना प्राप्त की जा सकती है। पांच साल तक के बच्चों के लिए एक स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें कुल 72 बच्चों ने भाग लिया। दो आयु वर्गों में आयोजित इस प्रतियोगिता में 2 वर्ष तक के 22 शिशुओं और 2 से 5 वर्ष तक के 50 बच्चों ने भाग लिया। पहले वर्ग में अर्जुन राठ की तन्वी प्रथम, बैगनियां का अतुल द्वितीय और मेहरा गांव की अंजलि तृतीय आई। दूसरे आयुवर्ग में सोमेश्वर की शिवांगी पहले स्थान पर रहीं जबकि मल्लाखोली के प्रिंस और कविता को दूसरा और तीसरा स्थान मिला। मुख्य अतिथि हर्षवर्धन सिंह मनराल ने विजेता शिशुओं को पुरस्कार प्रदान किए। अभियान स्थल सोमेश्वर स्टेडियम में विभिन्न विभागों के प्रदर्शनी स्टॉलों पर दर्शकों की भीड़ जुटी रही। ग्रामीणों को विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी लेने में यह स्टॉल काफी सहायक सिद्ध हुए। इसके साथ ही लोगों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद भी लिया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]