स्वतंत्र आवाज़
word map

बृजेश पाठक की माता कमला पाठक को श्रद्धांजलि

हमारे पूर्वज हमारी स्मृतियों में सदैव जीवित रहते हैं-राज्यपाल

बृजेश पाठक का माँ को समर्पित भावपूर्ण श्रद्धांजलि वृतचित्र

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 27 December 2018 09:02:41 PM

tribute to brajesh pathak's mother kamla pathak

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने विधायी एवं न्याय मंत्री बृजेश पाठक की माताजी स्वर्गीय कमला पाठक की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उनके चित्रपर पुष्प अर्पितकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि कार्यक्रम अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर लखनऊ में आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में बृजेश पाठक के परिजनसमान शुभचिंतकों, मंत्रिपरिषद के सदस्यों, राजनेताओं, धर्मगुरुओं, बुद्धिजीवियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनकी माताजी को भावपूर्ण श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि कार्यक्रम बड़ा ही भावना प्रधान था। बृजेश पाठक के माताजी को समर्पित एक वृतचित्र ने एक समय वहां का वातावरण बेहद अश्रुपूरित बना दिया, जिसके बाद राज्यपाल ने भी माँ के प्रति अपने मार्मिक उद्गारों को प्रकट किया। उन्होंने बृजेश पाठक और उनके शोकसंतप्त परिजनों को भावपूर्ण सांत्वना दी।
राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि ब्रजेश पाठक की माताजी सहृदयी एवं मिलनसार थीं, इतनी बड़ी संख्या में लोगों का श्रद्धांजलि अर्पित करने आना यह सिद्ध करता है कि लोगों का ब्रजेश पाठक परिवार से आत्मिक लगाव है। राज्यपाल ने गीता का श्लोक उद्धृत करते हुए कहा कि आत्मा कभी मरती नहीं है, वह पुराने शरीर को छोड़कर नए शरीर में प्रवेश करती है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वज हमारी स्मृतियों में सदैव जीवित रहते हैं। माँ को श्रद्धांजलि का वास्तविक मर्म उनके पुत्र ब्रजेश पाठक ने प्रस्तुत किया, जो किसी भी परंपरागत श्रद्धांजलि से अलग और मर्मस्पर्शी था। उन्होंने वृतचित्र में माँ के सभी रूप दिखाए और अपने शब्दों में एवं यादगार चित्रों से लेकर उनके निर्वाण तक को निरूपण किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अनेक वक्ताओं ने माँ के प्रति अपने मार्मिकभाव प्रकट किए। कुमार विश्वास ने पारिवारिक संस्कारों पर बात की और ब्रजेश पाठक के माँ के प्रति समर्पण को प्रणाम किया।
ब्रजेश पाठक ने माँ के शोक में संतप्त परिवार का मनोबल बढ़ाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा, महिला, परिवार कल्याण एवं पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, कारागार राज्यमंत्री जय कुमार सिंह जैकी, सिंचाई राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, स्वाती सिंह, मोहसिन रज़ा, भूपेंद्र सिंह, लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया, चिकित्सा विश्वविद्यालय लखनऊ के कुलपति प्रोफेसर एमएलबी भट्ट, पूर्व कुलपति डॉ अनीस अंसारी, धर्मगुरू कल्बे जव्वाद, धर्मगुरू खालिद रशीद फरंगी महली, कवि कुमार विश्वास, सुनील जोगी, मंजर भोपाली, सर्वेश अस्‍थाना, मुनव्वर राणा, विधान परिषद के सदस्य यशवंत सिंह, मीडियाकर्मी और विशिष्टजन उपस्थित थे। अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर श्रद्धांजलि देने वालों से भरा था।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]