स्वतंत्र आवाज़
word map

पूर्वी भारत में विकास की गति तेज़-प्रधानमंत्री

'ब्रह्मपुत्र नदी पर इंजीनियरिंग व प्रौद्योगिकी का चमत्कार'

ऐतिहासिक बोगीबेल रेल सह सड़क पुल राष्‍ट्र को समर्पित

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 27 December 2018 01:42:19 PM

pm narendra modi

डिब्रूगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के डिब्रूगढ़ और धेमाजी जिलों के बीच ब्रह्मपुत्र नदी पर निर्मित बोगीबील सेतु राष्‍ट्र को समर्पित किया। ब्रह्मपुत्र नदी के उत्तरीतट पर कारेंग चापोरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आर्थिक और सामरिक दृष्टि से राष्‍ट्र के लिए बोगीबील सेतु का अत्‍यधिक महत्‍व है। उन्होंने पुल को पार करने वाली सबसे पहली यात्री रेलगाड़ी को भी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर प्रसिद्ध असमिया गायिका दीपाली बोस ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में असम और देश को प्रतिष्ठित करने वाले हर व्यक्ति के योगदान को याद किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इन साढ़े चार वर्ष मेंकेंद्र सरकार ने सुशासन के उद्देश्य को आगे बढ़ाया है और ऐतिहासिक बोगीबेल रेल सह सड़क पुल का लोकार्पण इस उद्देश्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पुल इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी का एक चमत्कार है एवं अत्यधिक सामरिक महत्व का है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह पुल असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच की दूरियों को कम करता है, यह इस क्षेत्र में जीवन को काफी आसान बनाएगा। उन्होंने कहा कि यह पुल इस क्षेत्र के लोगों के लिए कई पीढ़ियों से एक सपना था, जो अब एक वास्तविकता है। उन्होंने कहा कि डिब्रूगढ़ क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और वाणिज्य का एक महत्वपूर्ण केंद्र है और ब्रह्मपुत्र के उत्तर में रहने वाले लोग अब इस शहर तक अधिक आसानी से पहुंच सकते हैं। प्रधानमंत्री ने पुल के निर्माण में शामिल सभी लोगों की सराहना की। उन्होंने स्‍मरण कराते हुए कहा कि मई 2017 में उन्होंने असम के सदिया में देश के सबसे लंबे सड़क पुल भूपेन हजारिका सेतु को भी राष्ट्र को समर्पित किया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ब्रह्मपुत्र के उत्तरी और दक्षिणी तटों के बीच यह बेहतर संपर्क व सुशासन का एक घटक है। उन्होंने कहा कि विकास की यह तेज़ गति पूर्वोत्तर को बदल देगी। प्रधानमंत्री ने परिवहन के माध्यम से परिवर्तन के बारे में केंद्र सरकार के दृष्टिकोण की चर्चा की। उन्होंने कहा कि देश में बुनियादी ढांचा आज तीव्र गति से बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने लंबित परियोजनाओं को पूरा करने के प्रयासों के लिए असम सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक मजबूत और प्रगतिशील पूर्वी भारत, एक मजबूत और प्रगतिशील भारत की कुंजी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार भारत की भविष्य की जरूरतों की पूर्ति के लिए बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए प्रयासरत है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]