स्वतंत्र आवाज़
word map

कैथेड्रल लखनऊ में क्रिसमस मिलन समारोह

प्रेम, एकता और सद्भावना को मजबूत बनाएं-राज्यपाल

दिव्यांग बच्चों ने नृत्य किया, क्रिसमस के गीत गाए

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 27 December 2018 12:58:51 PM

cathedral christmas milan samaaroh at lucknow

लखनऊ। राज्यपाल राम नाईक ने कैथेड्रल चर्च में क्रिसमस मिलन समारोह में भाग लिया और कहा कि प्रभु ईसा मसीह ने कहा था कि परमेश्वर सबका पिता है, हम सब उनके बच्चे हैं और एक-दूसरे के भाई हैं और जब हम इस विचार पर पहुंचते हैं तो समाज में अपने आप एकता का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि हम सब भारतीय हैं, भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता अनेकता में एकता एवं विभिन्नता में एकरूपता की परिचायक है।
राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि भारतीय संस्कृति वसुधैव कुटुम्बकम में विश्वास करती है, सभी धर्मों का मार्ग सत्य पथ है, हम सब एकजुट होकर अपने देश और समाज में प्रेम, एकता और सद्भावना को मजबूत बनाएं, यही प्रभु ईसा मसीह के प्रति सच्ची भक्ति होगी। राज्यपाल ने कहा कि क्रिसमस का पर्व हमेशा शांति, सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि प्रभु ईसा मसीह ने दुःखी और पीड़ित मानवता को प्रेम, करुणा, आत्मीयता और अटूट संकल्पशक्ति का जो संदेश दिया था, वह आज भी प्रासंगिक है। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा भी कार्यक्रम में उपस्थित थे। उन्होंने भारतीय समाज को एक गुलदस्ते की संज्ञा दी।
क्रिसमस मिलन समारोह में फादर रेनाल्ड डिसूजा ने प्रार्थना प्रस्तुत की और फादर डोनाल्ड एचआर डिसूजा ने स्वागत उद्बोधन दिया। बिशप डॉ जेराल्ड जॉन मथाईस ने चर्च और अपनी ओर से सभी को शुभकामनाएं दीं। क्रिसमस मिलन समारोह में दिव्यांग बच्चों ने नृत्य प्रस्तुत किया और सेंट जोसफ कैथेड्रल कॉयर ने क्रिसमस गीत प्रस्तुत किए। क्रिसमस मिलन में उत्तर प्रदेश की महिला कल्याण एवं पर्यटन मंत्री डॉ रीता बहुगुणा जोशी, पूर्व राज्यपाल सिब्ते रजी, पूर्व मंत्री अम्मार रिज़वी, पूर्व लोकायुक्त न्यायमूर्ति एससी वर्मा, मनकामेश्वर मंदिर मठ की महंत दिव्या गिरि और अन्य धर्मों के धर्मगुरु भी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]