स्वतंत्र आवाज़
word map

दक्षिण कोरिया की रानी किमजोंग का स्वागत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रानी के सम्मान में भोज

रानी किमजोंग-सुक का है अयोध्या में मुख्य कार्यक्रम

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 5 November 2018 03:40:48 PM

yogi adityanath south korean queen kimjong-suk welcomes

लखनऊ। श्रीराम नगरी अयोध्या में दीपोत्सव-2018 के आयोजन पर 6 नवम्बर को पधार रहीं दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किमजोंग-सुक के साथ आए प्रतिनिधिमंडल का लखनऊ और आगरा भ्रमण का कार्यक्रम है। दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किमजोंग-सुक आज सायं लखनऊ पहुंच गईं, जहां अमौसी एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया और उनके सम्मान में रात्रि भोज भी दिया गया है। किमजोंग-सुक कल सड़क मार्ग से लखनऊ से अयोध्या को प्रस्थान करेंगी। अयोध्या आगमन पर वे रानी-हो स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगी, इसके बाद रानी-हो स्मारक पार्क का शिलान्यास करेंगी। किमजोंग-सुक, प्रभु श्रीराम और माता सीता के स्वरूपों के स्वागत तथा रामकथा पार्क में कार्यक्रम और नया घाट व राम की पैड़ी पर आरती एवं दीप प्रज्ज्वलन के कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगी।
किमजोंग-सुक 7 नवम्बर को ताजमहल का भी अवलोकन करेंगी, तत्पश्चात वे सियोल दक्षिण कोरिया के लिए रवाना हो जाएंगी। किमजोंग-सुक के साथ विशिष्ट अतिथियों में दक्षिण कोरिया के पर्यटन, संस्कृति एवं खेलकूद मंत्री दो जाँग ह्वान, राजदूत शिन वाँगकिल, गिमहे सिटी के मेयर हुर सुंग कॉन, गिमहे सिटी काउंसिल के सभापति किम हुवाँग सू शामिल हैं। इनके अतिरिक्त उनके साथ प्रतिनिधिमंडल में 43 अन्य सदस्य भी हैं। गौरतलब है कि दक्षिण कोरिया का अयोध्या से बड़ा गहरा नाता है। अयोध्या की राजकुमारी का विवाह दक्षिण कोरिया के राजवंश में हुआ था, जिस कारण दक्षिण कोरिया का अयोध्या से गहरा नाता है। दक्षिण कोरिया के शासनकर्ताओं का अयोध्या में आना-जाना होता है, यही नहीं दक्षिण कोरिया की अयोध्या के विकास में कुछ परियोजनाएं भी चल रही हैं। दक्षिण कोरिया की रानी किमजोंग-सुक की यह खास और भावनात्मक यात्रा है, जिसमें वह अपने पूर्वजों के लिए खास करना चाहती हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]