स्वतंत्र आवाज़
word map

भाजपा महिला मोर्चा की राजमाता मैराथन यात्रा

लोकसभा के चुनाव में महिलाओं की बड़ी भूमिका-सुनील बंसल

भाजपा महिला मोर्चा की संपर्क व सम्मेलन करने की योजना

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 9 October 2018 04:23:12 PM

bjp uttar pradesh mahila morcha's state office bearers meeting

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक भाजपा मुख्यालय पर हुई, जिसमें लोकसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए महिला मोर्चा ने अपने चुनाव कार्यक्रमों की योजना पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल के मार्गदर्शन में विचार-विमर्श किया। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों से सुनील बंसल ने कहा कि लोकसभा के चुनाव में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने महिलाओं के कल्याण के लिए योजनाएं बनाकर उन्हें कार्यांवित करने का काम किया है, उज्जवला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना जैसी कई योजनाओं का उन्होंने जिक्र किया।
सुनील बंसल ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध होकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि 2019 लोकसभा चुनाव में हर बूथ पर कम से कम दो महिला कार्यकर्ता सक्रिय रहें, इसके लिए महिला मोर्चा को योजनापूर्वक काम करना चाहिए। महिला मोर्चा उत्तर प्रदेश की अध्यक्ष दर्शना सिंह ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में तय किया गया कि महिला मोर्चा की प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष और महिला कार्यकर्ताओं की प्रेरणास्रोत राजमाता विजय राजे सिंधिया की स्मृति में तीन दिवसीय मैराथन यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा 13 अक्टूबर से प्रारम्भ होकर 15 अक्टूबर तक चलेगी। मैराथन यात्रा सैया से शुरू होकर आगरा, मथुरा वृंदावन होते हुए कोसी पर समाप्त होगी।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मीडिया प्रभारी सुनीता बंसल ने बताया कि राजमाता मैराथन यात्रा को सफल बनाने के लिए भाजपा महिला मोर्चा की बहनों के साथ सभी प्रमुख बहनें भी इसमें शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण की दिशा में उज्जवला योजना अभियान से जुड़े परिवारों के साथ चाय पर चर्चा, नवमतदाता युवक-युवतियों से संवाद स्वास्थ्य शिविर, बुद्धिजीवी सम्मेलन इत्यादि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। महिला मोर्चा ने सघन और व्यापक स्तरपर समाज की प्रभावी और प्रबुद्ध बहनों से संपर्क एवं उनके सम्मेलन की एक विस्तृत कार्ययोजना भी बनाई है।
भाजपा महिला मोर्चा पदाधिकारियों की बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा एवं प्रभारी महिला मोर्चा रंजना उपाध्याय, विधायक व प्रदेश महामंत्री भाजपा नीलिमा कटियार, महामंत्री महिला मोर्चा अर्चना मिश्रा, रश्मि रावल, कल्पना तिवारी, शीला सिंह, गोदावरी मिश्रा, दिव्या पांडेय, नीरज वर्मा, ऊषा मौर्या, पदमा दीक्षित, महिला आयोग की उपाध्यक्ष अंजू चौधरी, सत्या पांडेय, सुषमा खर्कवाल, अंजू वायरियार, सुनीता श्रीवास्तव, पूनम द्विवेदी, बबीता सिंह आदि उपस्थित थीं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]