स्वतंत्र आवाज़
word map

गुरू नानकदेव का प्रकाश पर्व मनाएगी सरकार

भाजपा मुख्यालय लखनऊ पर सिख समाज की बैठक हुई

श्रीगुरू नानकदेव महाराज का जीवन अनुकरणीय-बंसल

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 8 October 2018 04:33:40 PM

bjp headquarters lucknow, meeting of sikh community

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के मुख्यालय पर भाजपा महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल की अध्यक्षता में सिख समाज की बैठक हुई, जिसमें लगभग 22 जिलों से भाजपा सिख समाज के पदाधिकारी, सरकार में नामित सदस्य और सिख समाज के लगभग दो सौ लोग उपस्थित थे। प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने बताया कि अगले वर्ष श्रीगुरू नानकदेव महाराज के 550वें प्रकाश उत्सव को उत्तर प्रदेश सरकार भव्य रूपसे मनाएगी, जिसकी शुरूआत इसी प्रकाश पर्व से ही कर दी जाएगी। सुनील बंसल ने इस अवसर पर कहा कि श्रीगुरू नानकदेव महाराज का हिंदुत्व की रक्षा के लिए अनुकरणीय योगदान है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन मानवतावादी और सर्वसमाज की सेवा को समर्पित पाया जाता है। उन्होंने कहा कि श्रीगुरू नानकदेव महाराज का जीवन सभी के लिए अनुकरणीय है।
सुनील बंसल ने कहा कि श्रीगुरू नानकदेव महाराज के प्रकाश पर्व को समर्पित कार्यक्रम के तहत इसी माह लखनऊ में पूरे प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े सिख कार्यकर्ता और वरिष्ठ जनों को लेकर लगभग 2000 लोगों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम की तैयारी और तिथि सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित संगठन के प्रमुख लोगों की भागेदारी रहेगी। योगी सरकार में राज्यमंत्री बलदेव सिंह ओलख ने भी बैठक को सम्बोधित किया। कार्यक्रम के संयोजक गुरूविंदर सिंह छाबड़ा विक्की सदस्य पंजाबी अकादमी उत्तर प्रदेश ने बैठक का संचालन किया।
भाजपा सिख समाज की बैठक में उत्तर प्रदेश पंजाबी अकादमी के उपाध्यक्ष इकबाल सिंह, जसविंदर सिंह, जगनैन सिंह नीटू, जगदीश साधना, गुरभाग सिंह, अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य परविंदर सिंह, सुखदर्शन सिंह वेदी, सहमीडिया प्रभारी सत्यवीर सिंह राजू, पूर्व पार्षद राजेंद्र सिंह दुआ, लखविंदर सिंह, अल्पसंख्यक मोर्चा के कानपुर क्षेत्र के अध्यक्ष अजीत सिंह छाबड़ा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष परजीत सिंह (पम्मे), गुरप्रीत सिंह, जगजोत सिंह, जगजीत सिंह, ब्लाक प्रमुख, अतेंद्रपाल सिंह, ब्लाक प्रमुख श्याम सिंह, महल सिंह, हरजीत सिंह और सिख समाज के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]