स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत बंद मोदी के खिलाफ साजिश-केशव मौर्य

'पिछड़ा वर्ग समाज भाजपा को 2014 से भी बड़ी जीत दिलाए'

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की सामाजिक प्रतिनिधि बैठक

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 11 September 2018 02:36:17 PM

bjp backward class front, social representative meeting

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के भारत बंद को पूरी तरह से असफल बताते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनने से रोकने के लिए कांग्रेस और उसके सहयोगियों के भारत बंद को देश की जनता ने खारिज कर दिया है, यह मोदीजी के खिलाफ विपक्ष की साजिश थी। उन्होंने कहा कि पूरे देश की जनता का समर्थन और आर्शीवाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। उन्होंने कांग्रेस और उसके सहयोगियों के भारत बंद को नाटक बताते हुए कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष तो बना सकती है, लेकिन प्रधानमंत्री नहीं बना सकती, क्योंकि प्रधानमंत्री बनने के लिए जनता के समर्थन और आर्शीवाद की आवश्यकता होती है। केशव मौर्य भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा की सामाजिक प्रतिनिधि बैठक में प्रदेशभर से आए हलवाई समाज के प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे।
केशव मौर्य ने ‘पप्पू फेल हो गया’ का तंज कसते हुए कहा कि देश को 48 साल तक लूटनेवाला परिवार और कांग्रेस देश के गरीबों के जीवन में 48 महीने में सुधार और विकास करने वाले मोदीजी को रोकना चाहते हैं, क्योंकि जाति के नाम पर वोट मांग कर समाज को बांटने वाली कांग्रेस और उसके सहयोगियों की जमीन खिसक चुकी है। उन्होंने कहा कि जो लोग गरीबों-पिछड़ों को अपना वोट बैंक समझकर उनका शोषण करते थे, आज वही यह सच्चाई समझ गए हैं कि उनके अधिकार और देश के चौतरफा विकास की बात अगर कोई करता है तो वह नरेंद्र मोदी ही हैं। उन्होंने कहा कि जिन जातियों को कांग्रेस, सपा, बसपा अपना वोट बैंक समझकर उनपर अपना अधिकार समझती थी, आज वही गरीब, पिछड़े, दलित, अगड़े सभी वर्गों के कल्याण और देश को सशक्त राष्ट्र के रूपमें स्थापित करने के लिए नरेंद्र मोदी के कार्यों की प्रशंसा कर रहा है और पूरी दृढ़ता के साथ उनके साथ खड़ा है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय राजमार्ग स्वर्णिम चर्तुभुज के अंर्तगत सड़क बनाने का काम अटलजी ने शुरू किया, नदियों को जोड़ने का काम भी अटलजी और भाजपा ने शुरू किया, जिसे कांग्रेस ने दस साल तक रोकने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा, बसपा की सरकार ने देश-प्रदेश को सिर्फ बर्बाद करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल कहते हैं कि मोदीजी ने कुछ नहीं किया। उन्होंने इसपर प्रश्न किया कि अगर काम किया न होता तो आज इन्हें महागठबंधन बनाने की जरूरत क्यों पड़ गई? केशव मौर्य ने कहा कि देश को विश्वास है कि मोदीजी ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं, इस ईमानदारी के कारण ही आज कांग्रेस, सपा, बसपा एक होकर उनके खिलाफ षडयंत्र रचने के काम में लगे हैं। केशव मौर्य ने कहा सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकारों ने सत्ता शासन का दुरूपयोग कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है और गरीबों का उत्पीड़न-शोषण करने का काम किया।
उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव और 2017 के विधानसभा चुनाव में जनता ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को अभूतपूर्व विजय दिलाई। उन्होंने आह्वान किया कि अब हम सबकी जिम्मेदारी बनती है कि 2019 में नरेंद्र मोदी को फिर से देश का प्रधानमंत्री बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करें। सामाजिक प्रतिनिधि बैठक में प्रदेश अध्यक्ष भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा सांसद राजेश वर्मा, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश सहप्रभारी ब्रज बहादुर, विधायक संजय गुप्ता, पूर्व चेयरमैन रामचंद्र गुप्ता, नीजर गुप्ता, रेनू गुप्ता, रंजना गुप्ता, ओमप्रकाश गुप्ता, पुनीत गुप्ता, सुरेश अग्रसेनी, विनय पटेल, विजय गुप्ता और गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]