स्वतंत्र आवाज़
word map

यूपी के काफी गांव बाढ़ से प्रभावित-सीएम

फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर और उन्नाव में बाढ़ देखी

उन्नाव जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 8 September 2018 12:41:25 PM

cm yogi adityanath, visited flood affected areas

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर तथा उन्नाव जनपद के बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और जनपद उन्नाव में सर्वेक्षण के उपरांत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण भी किया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से भेंट की एवं राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने भगवंत नगर में मां चंद्रिका देवी मंदिर परिसर में बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री बांटी तथा जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि बाढ़ पीड़ितों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री के साथ विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित और समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री भी थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि वे बाढ़ प्रभावितों के लिए किए जा रहे राहत कार्यों की सीधी जानकारी प्राप्त करने तथा बाढ़ प्रभावित लोगों से रूबरू होने के उद्देश्य से यहां आए हैं। उन्होंने बाढ़ से प्रभावित कुल 140 लोगों को राहत सामग्री वितरित की। गांव बक्सर तहसील बीघापुर के अंतर्गत लाल खेड़ा, धरमपुर, दूली खेड़ा, शेरवा, भरोसा पुरवा, शंभू का पुरवा, चौड़ा का पुरवा, मंझा तथा अयोध्यापुर के ग्रामीणों को निर्धारित मानक के अनुसार खाद्य सामग्री, तिरपाल जैसी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के काफी गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि स्‍थानीय प्रशासन को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पीड़ितों की अधिक से अधिक मदद करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार ने बाढ़ आपदा में मृतक आश्रितों को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की व्यवस्था की गई है। राज्य सरकार ने सर्पदंश, बाढ़, भूकम्प, दुर्घटना, बोर-वेल में गिरने से मृत्यु तथा ज़हरीली गैस दुर्घटना में मृत्यु को प्राकृतिक आपदा में सम्मिलित किया है। मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य के निर्देश दिए गए हैं तथा व्यापारिक एवं स्वयंसेवी संगठनों से भी इसमें सहयोग करने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि बरसात समाप्त होने के बाद संक्रामक बीमारियों के दृष्टिगत रोकथाम की प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित ने भी बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत व बचाव के सम्बंध में आश्वस्त किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]