प्रशासन में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य का लंबा अनुभव
राज्यपाल राम नाईक ने राजभवन में दिलाई शपथस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Saturday 25 August 2018 12:15:31 PM
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने सेवानिवृत आईएएस अधिकारी सुशील कुमार को उत्तर प्रदेश जल प्रबंधन और नियामक आयोग के अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण कराई। गौरतलब है कि सुशील कुमार 1982 बैच के उत्तर प्रदेश संवर्ग के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी रहे हैं। वे 30 अप्रैल 2018 को भारत सरकार के कोयला मंत्रालय में सचिव पद से सेवानिवृत हुए हैं। सुशील कुमार को उत्तर प्रदेश के साथ-साथ केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करने का लंबा प्रशासनिक अनुभव है। जलवायु परिवर्तन पर 2015 में पेरिस में हुए समझौते में भारत सरकार का पक्ष रखने में सुशील कुमार ने विशेष योगदान दिया था। राजभवन के नीलकुसुम कक्ष में यह शपथ ग्रहण कार्यक्रम हुआ।
शपथ ग्रहण के अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख सचिव हेमंत राव, विशेष सचिव डॉ अशोक चंद्र, भू सम्पदा विनिमायक प्राधिकरण उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष राजीव कुमार, उपाध्यक्ष लोकसेवा अधिकरण उत्तर प्रदेश रोहित नंदन, अरुण कुमार सिन्हा सदस्य उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग उत्तर प्रदेश, राजीव कपूर अध्यक्ष प्रदेशीय औद्योगिक एवं निवेश कार्पोरेशन उत्तर प्रदेश, टी वेंकटेश प्रमुख सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन उत्तर प्रदेश, अनिता वर्मा सिंह विशेष सचिव सिंचाई एवं जल प्रबंधन उत्तर प्रदेश, इंजीनियर अजय कुमार सिंह प्रमुख अभियंता परिकल्प एवं नियोजन सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग उत्तर प्रदेश, अध्यक्ष सुनील कुमार की पत्नी पूनम कुमारी और विशिष्टगण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रमुख सचिव सिंचाई टी वेंकटेश ने किया।