स्वतंत्र आवाज़
word map

वृंदावन में 'कृष्ण कुटीर' का लोगो प्रतियोगिता

प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तारीख 15 अगस्त

यह आश्रय विधवाओं के लिए सुरक्षित और संरक्षित

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 1 August 2018 06:31:47 PM

vrindavan, krishna cottage

मथुरा/ नई दिल्ली। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने विधवाओं के लिए बनाए गए आश्रय गृह कृष्ण कुटीर के लिए लोगो डिज़ाइन करने की प्रतियोगिता शुरू की है। यह प्रतियोगिता आज एक अगस्त से शुरू हो गई है, जबकि इस प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तारीख 15 अगस्त है। इसके बाद जो एंट्री भेजी जाएंगी उनको इस प्रतियोगिता में शामिल नहीं किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आश्रय गृह के लोगो का डिज़ाइन करके अपनी एंट्री creativecorner.mwcd@gmail.com या MyGov पर भेजनी होगी। प्रतियोगिता के बारे में और अधिक जानकारी मंत्रालय के ट्विटर एवं फेसबुक पर उपलब्ध है।
'कृष्ण कुटीर’ आश्रय गृह उत्तर प्रदेश के वृंदावन में है और 1000 बुज़ुर्ग विधवा महिलाओं को आश्रय देने की सुविधा इस आश्रय गृह में प्रदान की गई है। जल्द ही यह आश्रय गृह शुरू होने वाला है। यह अपने आप में देश का सबसे बड़ा आश्रय गृह होगा, जिसमें एक हज़ार विधवा महिलाएं रह सकती हैं। इस आश्रय गृह का उद्देश्य विधवाओं के लिए सुरक्षित और संरक्षित स्थान उपलब्ध कराना हैं। कृष्ण कुटीर आश्रय गृह में विधवाओं को स्वास्थ्य सेवाएं, पौष्टिक भोजन, कानूनी परामर्श सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी। इस आश्रय गृह का डिज़ाइन हेल्पऐज़ इंडिया संस्था के परामर्श से तैयार किया गया है। आश्रय गृह में भूतल के साथ-साथ तीन तल हैं, जिसमें रैंप, लिफ्ट की सुविधा भी है। बिजली, पानी के साथ-साथ अन्य बुनियादी सुविधाएं भी हैं, ताकि वृद्ध और दिव्यांग विधवाओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]