स्वतंत्र आवाज़
word map

फलदार छायादार व औषधीय वृक्ष लगाएं!

एक व्यक्ति एक वृक्ष लगाने का संकल्प ले-सीएम

'वन महोत्सव' में नौ करोड़ वृक्ष लगाने का लक्ष्य

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 7 July 2018 04:16:16 PM

yogi adityanath planted plants during the van mahotsav

बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि ‘वन महोत्सव’ के दौरान उत्तर प्रदेश में छायादार फलदार और औषधीय गुण एवं धार्मिक महत्व वाले पेड़-पौधों का व्यापक रूपसे रोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वित रूपसे पर्यावरण संरक्षण के अभियान के लक्ष्य को पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट रूपसे कहा कि यूकेलिप्टस के बजाय दूसरे उपयोगी और औषधीय गुणों से युक्त पेड़ लगाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि न सिर्फ 9 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे, बल्कि उनकी सुरक्षा भी होगी। एक व्यक्ति एक वृक्ष लगाने का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि अगर वृक्षारोपण पर ध्यान नहीं दिया गया, तो जलवायु में भीषण संकट आएगा। प्रदेश में ‘वन महोत्सव’ शुरू हो गया है, जो 31 जुलाई 2018 तक चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी में महादेवा ऑडिटोरियम में महादेवा की पावन भूमि पर वृक्षारोपण कर वन महोत्सव-2018 का शुभारम्भ किया। महादेवा परिसर में विधिपूर्वक महादेव की पूजा-अर्चना की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीपल का वृक्ष पर्यावरण के लिए सबसे ज्यादा उपयोगी है, इसी प्रकार पाकड़, नीम और बरगद के पेड़ भी लगाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने स्कूलों, कॉलेजों और कार्यालयों के आस-पास की भूमि पर वृक्ष लगाए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि देवा शरीफ में नदियों के आस-पास ग्राम समाज वृक्ष लगवाए। उन्होंने कहा कि वन प्राकृतिक नमी बनाए रखते हैं, इसलिए अधिक से अधिक संख्या में वृक्ष रोपित किए जाएं।
योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर भारत सरकार और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं, इसी प्रकार निःशुल्क विद्युत कनेक्शन भी लोगों को दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यटन को बढ़ावा देकर संस्कृति और परम्परा के साथ आधुनिकता को जोड़कर विकास का कार्य कर रही है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनपदों में गौशालाएं खोली जाएं। उन्होंने नीलगाय से बचाव का तरीका बताते हुए कहा कि गाय के गोबर को खेत में फैला देने से नीलगाय नहीं आती हैं। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाया जाए, स्वच्छ शौचालयों का निर्माण किया जाए। उन्होंने जिला प्रशासन से कहा कि वह पर्यटन की दृष्टि से महादेवा के विकास की योजना का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजे।
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ हर्षवर्धन भी इस अवसर पर मौजूद थे। उन्होंने जनसामान्य से प्रकृति और जीव-जंतुओं के साथ समन्वय बनाकर रखने को कहा और सभी को पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री दारासिंह चौहान, सांसद प्रियंका सिंह रावत और सांसद लल्लू सिंह ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया। वन विभाग के अधिकारियों ने वृक्षों के महत्व एवं वन विभाग में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वन महोत्सव में 3 लाख 66 हजार मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को स्वीकृति-पत्र प्रदान किए। वन विभाग ने वाद-विवाद प्रतियोगिता में विजयी सिद्धार्थ कुमार, आकाश श्रीवास्तव एवं दीक्षा शर्मा को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, मीडियाकर्मी, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]