स्वतंत्र आवाज़
word map

अकेली मुस्लिम महिला का हज का सपना पूरा

इस बार रिकॉर्ड मुसलमानों को हज करने का मौका मिला

नरेंद्र मोदी सरकार से पहले नहीं मिलीं इतनी सुविधाएं

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 30 June 2018 04:59:24 PM

mukhtar abbas naqvi

नई दिल्ली। केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज यहां बताया कि हज सब्सिडी समाप्त होने के बाद भी उन हज यात्रियों को जो भारत की हज कमेटी के माध्यम से जा रहे हैं, उन्हें ले जाने वाली एयरलाइंस को इस वर्ष 57 करोड़ रुपये कम का भुगतान किया जाएगा। दिल्ली में अनुकूलन सह प्रशिक्षण शिविर में हज समन्वयकों, सहायक हज अधिकारियों और हज सहायकों एवं चिकित्सा कर्मचारियों को संबोधित करते हुए मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि 2017 में 1,24,852 हज यात्रियों के लिए हवाई किराए के लिए एयरलाइंस को कुल 1030 करोड़ रुपये का भुगतान किया था, जबकि 2018 में भारत की हज कमेटी के माध्यम से जा रहे 1,28,702 हज यात्रियों के लिए हवाई किराए के लिए एयरलाइंस को कुल 973 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा।
मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि हज 2018 के लिए कुल 3,55,604 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें 1,89,217 पुरुष एवं 1,66,387 महिला आवेदन शामिल थे। पहली बार भारत से मुस्लिम महिलाएं बिना मेहराम यानी पुरुष सहयोगी के भी हज पर जा रही हैं। इस वर्ष कुल 1308 महिलाएं बिना मेहराम के हज पर जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पहली बार हज यात्रियों को आरोहण बिंदुओं का विकल्प भी दिया जा रहा है, जिसे बेशुमार रिस्पांस प्राप्त हुआ है। मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार भारत से रिकॉर्ड 1,75,025 मुसलमान इस वर्ष हज के लिए जा रहे हैं। इनमें रिकॉर्ड 47 प्रतिशत से अधिक महिला यात्री हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार सऊदी अरब में बड़ी संख्या में महिला हज समन्वयकों हज सहायकों एवं खादिम उल हुज्जाजी, चिकित्सकों एवं अर्ध चिकित्सा कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी सरकार ने देश के अल्पसंख्यक समुदाय में मुसलमानों के हज और खासतौर से मुस्लिम महिलाओं को बिना किसी पुरुष सहयोगी के हज करने जाने की सुविधा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नरेंद्र मोदी सरकार ने उन्हें वे तमाम हज सुविधाएं प्रदान की हैं, जो उन्हें इससे पहले कभी नहीं मिलीं। महिला हजयात्रियों के लिए यह हज एक ऐसी यादगार है, जो प्रत्येक मुस्लिम महिला को हज जाने का सपना प्रदान करती है। इस कार्यक्रम में अल्पसंख्यक मामले मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय एवं शहरी विकास मंत्रालय के प्रतिनिधियों ने अनुकूलन सह प्रशिक्षण शिविर में विस्तार से हज, यात्री, उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं रिहाइश आदि मुद्दों के बारे में जानकारियां दीं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]