स्वतंत्र आवाज़
word map

कर्नाटक में हर चुनावी सभा में मोदी-मोदी!

मोदी और शाह की विशाल सभाओं से भाजपा में जोश

अमित शाह की नरगुंद जनसभा से विपक्ष में हताशा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 8 May 2018 05:51:56 PM

amit shah

गडग (कर्नाटक)। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के सनसनीखेज़ और बेहद रोमांचक चुनाव में कांग्रेस और बाकी विपक्ष के भाजपा विरोधी अभियान पर बढ़त कायम रखते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कर्नाटक में जिला गडग के नरगुंद में अपनी चुनावी सभा में कांग्रेस परिवार को जमकर धोया। जनसभा में मोदी-मोदी के नारों के बीच उन्होंने कर्नाटक की जनता से कहा कि वह राज्य के विकास के लिए बीएस येदियुरप्पा के नेतृत्व में दो तिहाई बहुमत से भाजपा सरकार बनाए और कांग्रेस मुक्त भारत के भाजपा के संकल्प को पूरा करे। अमित शाह ने राज्य के महान वीर शहीद बाबासाहब भावे और कर्नाटक केसरी जगन्नाथ राव जोशी को याद किया और कहा कि यह वही नरगुंद की भूमि है, जहां वर्ष 1857 में अंग्रेजों के खिलाफ क्रांति का बिगुल फूंका गया था या आज फिर कर्नाटक की भ्रष्टाचारी सिद्धारमैया सरकार के खिलाफ बिगुल फूंका गया है। कर्नाटक में हर चुनावी सभा में मोदी-मोदी के नारे गूंज रहे हैं और नरेंद्र मोदी एवं अमित शाह की विशाल सभाओं से कर्नाटक की भाजपा में जोश दिखाई दे रहा है।
भाजपा अध्यक्ष
अमित शाह ने कांग्रेस की सिद्धारमैया सरकार को भ्रष्टाचार एवं हिंसा की राजनीति का प्रतीक कहा। उन्होंने सिद्धारमैया सरकार पर करारे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि हमें नरगुंद में कांग्रेस की हार के लिए नहीं, बल्कि कांग्रेस की ज़मानत जब्त कराने के लिए चुनाव लड़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक में कांग्रेस की हार को स्वीकार कर लिया है, इसलिए वे विधानसभा चुनाव के ठीक बाद यहां से सीधे मानसरोवर जाने वाले हैं। अमित शाह ने कहा कि कर्नाटक में हर क्षेत्र में समाज के हर तबके में भारतीय जनता पार्टी की लहर चल रही है, जो कांग्रेस को जड़ से उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् वह राष्ट्रगीत है, जिसे गाते हुए हिंदुस्तान के हजारों नवजवान देश की आजादी के लिए वेदी पर शहीद हो गए, जो गीत हजारों-करोड़ों युवाओं के लिए अदम्य प्रेरणा का अक्षय स्रोत है, उस राष्ट्रगीत को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक कार्यक्रम के बीच में रोकने का जघन्य पाप किया है। अमित शाह ने कहा कि जो ‘वंदे मातरम्’ के सम्मान में खड़े नहीं हो सकते, जिनके पास ‘वंदे मातरम्’ के लिए समय नहीं है, वह देश का भला कभी नहीं कर सकता।
अमित शाह ने कहा कि कर्नाटक की जनता ‘वंदे मातरम्’ का अपमान करने वालों को कड़ा सबक सिखाएगी। अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी को लगता है कि सिद्धारमैया कांग्रेस को कर्नाटक में किसी तरह जिता ले जाएंगे, लेकिन जो खुद अपनी सीट छोड़ भाग खड़े हों, वह भला अपनी पार्टी को क्या जिता पाएंगे? उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया अपनी सीट छोड़कर बादामी से चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन वहां भी वे हारने वाले हैं, कर्नाटक की जनता सिद्धारमैया को उनके कारनामों के लिए कभी माफ़ नहीं करने वाली है। अमित शाह ने कहा कि सिद्धारमैया सरकार के शासन के दौरान कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 24 कार्यकर्ताओं की निर्मम हत्या कर दी गई है, लेकिन सिद्धारमैया सरकार ने किसी भी दोषी को गिरफ्तार नहीं किया। उन्होंने कहा कि मैं सिद्धारमैयाजी को बताना चाहता हूं कि आप जितना चाहे दोषियों को बचाएं, लेकिन 15 मई 2018 को कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी की बीएस येदियुरप्पा सरकार बनते ही इन हत्यारों को कानून के हवालात पहुंचा दिया जाएगा। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस हार के डर से राष्ट्रविरोधी ताकतों के साथ बैठने से भी बाज नहीं आती है। उन्होंने कहा कि इसी तरह जद (एस) ने ओवैसी का समर्थन लिया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कर्नाटक की जनता से सवाल किया कि जो पार्टियां एसडीपीआई, पीएफआई और ओवैसी जैसों का समर्थन लेती है, क्या वह राज्य में क़ानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार ला सकती हैं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बेंगलुरु सहित पूरे कर्नाटक को माफियाओं के हवाले कर दिया है, वह कर्नाटक का विकास नहीं कर सकती। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की सिद्धारमैया सरकार किसान विरोधी सरकार है, जिस राज्य में 3500 से अधिक किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो चुके हों, उस राज्य का मुख्यमंत्री भला सो कैसे सकता है, लेकिन सिद्धारमैया हैं कि उनकी नींद ही नहीं खुलती। अमित शाह ने कहा कि राज्य में भाजपा की बीएस येदियुरप्पा सरकार बनने के 6 महीने के भीतर ही महादायी का पानी मुंबई-कर्नाटक के क्षेत्रों में पहुंचना शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि हमने तय किया है कि राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही हर किसान के एक लाख रुपये तक के ऋण को माफ़ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में डेढ़ लाख करोड़ रुपये की निधि से कर्नाटक के हर खेत तक पानी पहुंचाने का प्रबंध किया जाएगा।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की सरकार किसान मित्र सरकार है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के जीवन स्तर में व्यापक बदलाव लाने के लिए फसल पर मिलने वाले न्यूनतम समर्थन मूल्य को लागत मूल्य का डेढ़ गुना करने का निर्णय लिया है, जो किसानों के जीवन खुशहाली और समृद्धि लाएगी। अमित शाह ने कहा कि कर्नाटक में बनने वाली भाजपा सरकार ग़रीबी रेखा के नीचे रहने वाली सभी महिलाओं को स्मार्टफोन और कॉलेज छात्रों को लैपटॉप देगी। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीएस येदियुरप्पा मिलकर कर्नाटक को देश का सबसे विकसित राज्य बनाएंगे। उन्होंने हर्पनहल्ली विधानसभा दावणगेरे में हरिहर सर्किल से आईबी रोड सर्किल तक और राजराजेश्वरी नगर विधानसभा में जेपी पार्क मथिकेरे से रेलवे स्टेशन यशवंतपुर तक भव्य रोड शो भी किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]