स्वतंत्र आवाज़
word map

महेंद्रनाथ पांडेय ने युवाओं में भरा जोश!

'आज का युवा मोर्चा कल की भाजपा का नेतृत्व'

भाजपा मुख्यालय पर सुभाष यादव का स्वागत

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 1 March 2018 09:09:24 AM

bjp state president dr. mahendra nath pandey and new bjp youth president subhash yadav

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के अध्यक्ष डॉ महेंद्रनाथ पांडेय की उपस्थिति में भाजपा मुख्यालय पर उत्तर प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त अध्यक्ष सुभाष यादव के पदभार ग्रहण के साथ ज़ोरदार स्वागत किया गया। भाजपा अध्यक्ष डॉ महेंद्रनाथ पांडेय ने सुभाष यादव को शुभकामनाएं दीं और भाजपा के लिए युवाओं में जोश भरा। सुभाष यादव के अभिनंदन कार्यक्रम में युवाओं ने बढ़चढ़कर भाग लिया। भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यादव ने मंत्रोच्चारण के बीच गोपूजन करके अपनी नई जिम्मेदारी की शुरूआत की। भाजयुमो के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत पाठक ने सुभाष यादव को पदभार ग्रहण करवाया। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद पर सुभाष यादव की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब उत्तर प्रदेश के दो लोकसभा क्षेत्रों में उपचुनाव का प्रचार जोरों पर है और उसमें युवाओं की बड़ी भूमिका है।
स्वागत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष डॉ महेंद्रनाथ पांडेय ने भारत माता के जयघोष के साथ उद्बोधन दिया और कहा कि यहां युवाओं की इतनी बड़ी संख्या में मौजूदगी देखकर समझा जा सकता है कि भाजपा के साथ युवाओं का एक सैलाब चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदीजी लक्षद्वीप और त्रिपुरा जैसे छोटे राज्यों एवं देश के कोने-कोने तक पहुंच रहे हैं, क्योंकि वह राष्ट्रवादी विचार सेवाभाव के माध्यम से पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी को स्‍थायित्व के साथ स्‍थापित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बिना थके देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम प्रदेश बनाने के लिए काम कर रहे हैं, योगीजी ने इन्वेस्टर्स समिट के सफल आयोजन से प्रदेश की 22 करोड़ जनता में उत्तर प्रदेश के विकास की अखल जगाकर दिखा दी है, योगीजी को उत्तर प्रदेश के लिए बड़े काम करने हैं। डॉ पांडेय ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार एवं प्रदेश में योगी सरकार के जनता के हित में किए जा रहे कार्यों को जनता को बताने का काम युवा मोर्चा को करना है।
उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष डॉ महेंद्रनाथ पांडेय ने आरोप लगाया कि आलू खेत से बाहर भी नहीं आ पाया था और सपा के ग़ुंडों ने सड़कों पर आलू फेंककर भाजपा सरकार को बदनाम करने की कोशिश की। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का नाम लिए बिना कहा कि एक तथाकथित इंजीनियर बड़े नेता बनकर पूर्ण बहुमत लेकर उत्तर प्रदेश में सत्ता में आए और पांच साल में उस बहुमत की प्रतिमूर्ति से गायत्री प्रसाद प्रजापति जैसे निकले। उन्होंने कहा कि उनको जबाब देने के लिए हमने ग़रीब किसान का बेटा और ग्रेजुएट इंजीनियर सुभाष यादव मैदान में उतार दिया है और हम सभी को अपने इस निर्णय पर गर्व और प्रसन्नता है। डॉ पांडेय ने संस्मरण सुनाए और कहा कि राजनाथ सिंह जब भाजयुमो के अध्यक्ष थे तब मैं भी उनकी टीम में मंत्री था, उनकी टीम के कई और साथी आज उत्तर प्रदेश सरकार में है, कलराज मिश्रजी, सत्यदेव सिंह युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे हैं, भाजपा युवा मोर्चा का इतिहास पवित्र और अनुकरणीय है।
डॉ महेंद्रनाथ पांडेय ने भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आज का युवा मोर्चा कल की भाजपा का नेतृत्व है। उन्होंने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा ने हमेशा संघर्ष से सफलता की पटकथा लिखी है, युवा मोर्चा ने सदैव खेल प्रतियोगिताएं, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं, मिलेनियम वोटर अभियान जैसे रचनात्मक एवं सृजनात्मक कार्यकर युवाओं का चरित्र एवं व्यक्तित्व विकास किया है। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा की सरकारों में शासन प्रशासन और पुलिस से संघर्ष में फ्रंट पर लाठी गोली खाने वाला युवा मोर्चा ही रहा है। उन्होंने कहा कि मैं आपकी जिजीविषा के जागृत करने आया हूं, नए युवाओं को भाजपा से जोड़ने का काम कीजिए। उन्होंने कहा कि जैसाकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाहजी ने कहा है कि हम सर्वस्पर्शी, सार्वभौमिक दल हैं, समाज का हर वर्ग हमारे साथ जुड़ा हुआ है और हमें समाज के हर वर्ग को जोड़ना है। उन्होंने अमित शाह के आह्वान का उल्लेख करते कहा कि उत्तर प्रदेश में दलित समाज और यादव समाज को कुछ दल अपनीबपौती समझते हैं, मगर हमें उन समाजों की दहलीज तक पहुंचकर उन्हें अपने साथ जोड़ना है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि चौधरी चरण सिंह सच्चे किसान नेता थे, जिन्होंने कांग्रेस को ठुकराकर दीनदयालजी से मिलकर सम्मलित सरकार की नींव रखी थी। उन्होंने कहा कि लोहियाजी, आचार्य नरेंद्रदेवजी, चौधरी चरण सिंहजी जैसे महान नेताओं को यह कल्पना नहीं की थी कि उनके नाम पर राजनीति करने वाले जाति की बात करके जनबल बढ़ाएंगे, घरेलू कम्पनी बनाकर उत्तर प्रदेश को लूटने का काम करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मुलायम, आजम, रामगोपाल, अखिलेश जैसे लोगों ने उत्तर प्रदेश को लूटने का काम किया है, आम्बेडकरजी के सपनों को चकनाचूर कर मायावती ने भी प्रदेश को लूटने का काम किया है, लालू यादव चारा घोटाले में जेल गए और बेटे को यह विरासत दे दी, जो हताशा में कह रहा है कि नितीश मेरे लिए भूत छोड़ रहे हैं, इसलिए जो भूत से परेशान हो वह भविष्य की क्या चिंता करेगा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण हो रहा है, इसमें गरीब, दलित, वंचित, शोषित, अगड़े, पिछड़े सभी का विकास और सभी का साथ है।
भाजयुमो अध्यक्ष सुभाष यादव ने अपने स्वागत से अभिभूत होते हुए कहा कि हरियाणा में अगर कांग्रेस को युवा नेता की जरूरत पड़ती है तो भूपेंद्र हुड्डा के पुत्र दीपेंद्र हुड्डा हैं, मध्यप्रदेश में माधव राव सिंधिया के पुत्र ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं, राजस्थान में राजेश पायलट के पुत्र सचिन पायलट हैं, उत्तर प्रदेश में सपा को युवा नेता की जरूरत पड़ती है तो मुलायम सिंहजी के पुत्र अखिलेशजी को मुख्यमंत्री बना दिया जाता है। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंहजी के परिवार में 57 युवा नेता हैं, बिहार में लालू यादव के पुत्र तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव हैं, उन्हें आप लोगों की जरूरत नहीं है, हम सिर्फ नारे लगाने के लिए या भैया-भैया कहने के लिए और किसी की गाड़ी के पीछे दौड़ने वाली फौज नहीं हैं, यह दीनदयालजी और श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे बलिदानियों के मानस पुत्रों की फौज है, हम सिर्फ भारत माता की गुलामी करते हैं।
सुभाष यादव ने कहा कि एक आईएएस ने मुझसे पूछा कि आप भाजपा में ही राजनीति क्यों करना चाहते हैं, तो मैंने उनसे कहा कि अगर भाजपा नहीं होती तो मै राजनीति ही नहीं करता, क्योंकि भाजपा इकलौती राजनीतिक पार्टी है जो युवाओं को सपना देखने का हक देती है। सुभाष यादव ने कहा कि मैं अनपढ़ गरीब किसान का बेटा हूं, जिसे भाजपा ने इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है, यह भाजपा में ही संभव है, मुझ पर पार्टी ने जो विश्वास किया है उस पर मैं खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। स्वागत कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, डॉ राकेश त्रिवेदी, दयाशंकर सिंह, सुधीर हलवासिया, भाजपा प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर, अशोक कटारिया, पंकज सिंह, प्रदेश मंत्री सुब्रत पाठक, शंकर गिरि एवं शिवभूषण सिंह आदि ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन सोनू सिंह ने किया। सुभाष यादव को लेकर युवाओं में जर्बदस्त उत्साह था। पूरे प्रदेश से युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लखनऊ में था। युवा मोर्चा अध्यक्ष ने सबसे स्पष्ट अपील की थी कि सड़क पर गाड़ियों का काफिला, आतिशबाज़ी जैसे कोई भी कार्यक्रम नहीं किए जाएंगे। इस अवसर पर विधायक लोकेंद्र सिंह एवं पूर्व विधायक द्वारका प्रसाद के निधन पर शोक व्यक्त किया गया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]