स्वतंत्र आवाज़
word map

मुख्यमंत्री कुंभ में कुप्रबंधन स्वीकार करें-भाजपा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 12 February 2013 08:36:32 AM

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने कुंभ हादसे के लिए केंद्र व राज्य सरकार की कुव्यवस्था को दोषी ठहराया है और कहा है कि इस हृदयविदारक हादसे के बावजूद दोनों सरकारें अपनी जिम्मेदारी एक दूसरे पर टालने की राजनीति कर रही हैं।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हृदयनारायण दीक्षित ने कहा कि दोनों सरकारें अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकतीं। राज्य के एडीजी कानून व्यवस्था ने भी डिजास्टर प्रबंधन की कमी स्वीकार की है। मुख्यमंत्री व रेल मंत्री को अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए क्षमा याचना करनी चाहिए। आश्चर्य है कि मुख्यमंत्री ने हादसे के बाद अब तक क्षेत्र का दौरा नहीं किया है। हृदयनारायण दीक्षित ने कहा कि पुलिस पर श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार करने व लाठीचार्ज के गंभीर आरोप हैं। भगदड़ का कारण पुलिस कार्रवाई ही बताई जा रही है। राज्य सरकार ने विश्व के सबसे बड़े मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या का ठीक अनुमान नहीं किया। यह तथ्य वरिष्ठ मंत्री बलराम यादव ने भी स्वीकार किया है कि भीड़ अनुमान से ज्यादा थी। सपा सरकार को हिंदू श्रद्धा की जानकारी नहीं है।
उन्होंने कहा कि यह सरकार कन्या विद्याधन के सामान्य कार्यक्रमों का भी उचित बंदोबस्त नहीं कर पाती। कुंभ की भारी भीड़ की तैयारी राज्य सरकार ने नहीं की। राज्य सरकार की लापरवाही के चलते ही कुंभ में तमाम अव्यवस्थाएं रही हैं। घायलों को फौरन अस्पताल पहुंचाने और भीड़ नियंत्रण में भी अव्यवस्था थी। नगर विकास मंत्री आजम खां ने मेला प्रभारी पद से त्याग पत्र देकर विषयांतर किया है। मंत्री घटना को मात्र संयोग बता रहे हैं, जबकि हादसे का मुख्य कारण सरकारी कुव्यवस्था है। सरकार के मंत्रियों में परस्पर समन्वय का अभाव है। मंत्रियों और अधिकारियों में भी समन्वय नहीं है। मुख्यमंत्री को सीधे कुप्रबंधन की जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]