स्वतंत्र आवाज़
word map

भारतीय जूनियर हॉकी टीम विश्व विजेता

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदान किए पुरस्कार

उत्तर प्रदेश में हॉकी के लिए नया युग शुरू

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 19 December 2016 12:28:11 AM

indian junior hockey team, the world champions

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुगोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में जूनियर हॉकी विश्वकप का भारत और बेल्जियम के बीच फाइनल मैच देखा। मैच का शुभारंभ बेल्जियम और भारत के राष्ट्रगान से हुआ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दोनों टीम के खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका परिचय प्राप्त किया। भारत ने 2-1 गोल से बेल्जियम से यह मैच जीता। भारतीय हॉकी टीम की 2-1 से हुई जीत पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने भारतीय जूनियर हॉकी टीम को बधाई दी। राज्यपाल ने टीम के सदस्यों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और मुख्यमंत्री ने विजेता टीम को ट्राफी प्रदान की।
हॉकी फाइनल का यह मुकाबला बहुत यादगार रहा, जिसमें दर्शकों ने बहुत उत्साह से इसका आनंद लिया। भारतीय टीम ने हॉकी में शानदार प्रदर्शन किया। दर्शकों ने खिलाड़ियों का खूब हौसला बढ़ाया। अनेक दर्शक विभिन्न पोशाकों और भारतीय तिरंगा लहराते हुए दर्शकदीर्घा में आए। मैच के दौरान कई बार स्टेडियम भारत माता की जय और इं‌डिया-इंडिया के नारों से गूंजा। हॉकी मैच की मेजबानी भारत के पास थी। भारत अबतक दो बार विश्व विजेता बना है। भारत ने पंद्रह साल बाद यह खिताब जीता है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी इस मैच के आकर्षण दिखे, जिन्होंने मैच में मौजूद रहकर भारतीय टीम को जीत के लिए उत्साहित किया। हॉकी मैच में सुरक्षा के भी कड़े प्रबंध किए गए थे। लखनऊ में हॉकी के इस अंतर्राष्ट्रीय आयोजन की सफलता का श्रेय अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी रहे और राज्य के खेल निदेशक डॉ आरपी सिंह एवं उनकी टीम को जाता है, जिनकी मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने सराहना की।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में खेलों को बढ़ावा दिया है और खेलों को बढ़ावा देने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई महत्वपूर्ण फैसले लेकर खेलों तथा खिलाड़ियों के लिए प्रोत्साहन के साथ-साथ सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। मुख्यमंत्री ने स्टेडियम में भारी संख्या में उपस्थित खेल प्रेमियों और दर्शकों से कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि इस प्रकार के अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हॉकी मैचों का आयोजन लखनऊ में हुआ है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार खिलाड़ियों का खेल देखकर लोगों को प्रेरणा मिलेगी और उनका उत्साहवर्द्धन होगा। उन्होंने कहा कि हॉकी के जादूगर ध्यानचंद का नाम लिए बगैर हॉकी के खेल की कल्पना संभव नहीं है। अखिलेश यादव ने कहा कि मेजर ध्यानचंद सहित प्रदेश के तमाम खिलाड़ियों ने हॉकी के क्षेत्र में न केवल राज्य बल्कि देश का गौरव बढ़ाया है, उत्तर प्रदेश ने खेलों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिए हैं।
ज्ञातव्य है कि उत्तर प्रदेश सरकार तथा हॉकी इंडिया ने 8 दिसंबर से 18 दिसंबर 2016 तक लखनऊ में जूनियर मेंस वर्ल्ड कप हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया। लखनऊ में पहली बार अंतर्राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के आयोजन से भारतीय हॉकी में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है। इस वर्ल्ड कप में मेजबान भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना, कोरिया, ऑस्ट्रिया, जर्मनी, न्यूज़ीलैंड, स्पेन, जापान, नीदरलैंड्स, बेल्जियम, मलेशिया, इजिप्ट, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका और कनाडा की टीमों ने प्रतिभाग किया। हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला भारत और बेल्जियम के बीच हुआ, जिसमें भारत विश्व विजेता बना। इस अवसर पर राजनैतिक पेंशन मंत्री राजेंद्र चौधरी, मंत्री मनोज पांडेय, खेल विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री राम सकल गूजर, प्रमुख सचिव खेल अनीता भटनागर, उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक डॉ आरपी सिंह, खेलकूद एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री रामकरन आर्य, जनप्रतिनिधि, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जूनियर वर्ल्ड कप हॉकी के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, मीडियाकर्मी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]