स्वतंत्र आवाज़
word map

अखिलेश मंत्रिमंडल का पहला विस्तार हुआ

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 07 February 2013 07:44:23 AM

akhilesh yadav cabinet

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार ने गुरूवार को अपने मंत्रिमंडल का पहला विस्तार किया जिसमें एक कैबिनेट तथा 11 राज्यमंत्री शामिल किए गए। कैबिनेट मंत्री की शपथ लेने वाले सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी हैं, जो सपा नेतृत्व के काफी करीब माने जाते हैं। राज्यपाल बीएल जोशी ने राजभवन के सभागार में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव और वरिष्ठ मंत्रियों की मौजूदगी में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ लेने वाले राज्यमंत्रियों में विजय कुमार मिश्र को स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री के रूप में लिया गया है। राज्यमंत्रियों में विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह भी हैं, जिनका गोंडा के मुख्य चिकित्साधिकारी को धमकाने के आरोप में इस्तीफा ले लिया गया था। शपथ लेने वाले बाकी राज्यमंत्रियों में बाकी हैं-पवन पांडेय, गायत्री प्रजापति, मनोज कुमार पांडेय, राम मूर्ति वर्मा, विजय बहादुर पाल, आलोक कुमार शाक्य, राम सकल गुर्जर, सपा महासचिव नरेश अग्रवाल के बेटे नितिन अग्रवाल और योगेश प्रताप सिंह।
जातिगत समीकरणों के हिसाब से इनमें तीन ब्राह्मण, दो ठाकुर, एक जाट और एक शाक्य तथा पांच पिछड़े वर्ग से हैं। मंत्रिमंडल में पश्चिम से पांच, मध्य से दो और पूर्वांचल से पांच मंत्रियों को शामिल किया जाना पूर्वांचल में सपा की और ज्यादा पैठ बढ़ाने के रूप में देखा जा रहा है। अखिलेश यादव सरकार के मंत्रियों की संख्या अब 58 हो गई है।
मंत्रिमंडल में सदन की कुल सदस्य संख्या के 15 प्रतिशत के बराबर मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। कुल 403 सदस्य के सदन के हिसाब से अखिलेश सरकार के मंत्रिमंडल में 60 मंत्री हो सकते हैं। इसके पहले 15 मार्च को मुख्यमंत्री समेत 48 मंत्रियों ने शपथ ली थी।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]