स्वतंत्र आवाज़
word map

सहारनपुर के गंगोह में बनेगा बसों का डिपो

इस साल परिवहन निगम के बस बेड़े में 980 नई बसें

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 30 January 2013 05:51:44 AM

upsrtc bus

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री राजा महेंद्र अरिदमन सिंह ने बताया है कि वर्ष 2013-14 में परिवहन निगम के बस बेड़े में 980 नई बसें सम्मिलित किए जाने का निर्णय लिया गया है। छः माह पश्चात निगम की वित्तीय स्थिति के आधार पर 500 और नई बसें सम्मिलित किए जाने का प्रस्ताव निगम बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की अनुमति प्रदान की गई है।
परिवहन मंत्री ने परिवहन निगम बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णयों के संबंध में बताया कि सहारनपुर जनपद में हरियाणा सीमा के निकट गंगोह कस्बे में नागरिकों की मांग पर परिवहन सुविधा विकसित करने के उद्देश्य से अनुबंधित बसों का डिपो बनाया जाएगा। इस डिपो से 40 बसें संबद्ध होंगी, जिन्हें गंगोह-शेरमऊ-नकुड़-सहारनपुर, गंगोह-खेड़ा-सहारनपुर, गंगोह-लखनौती-बसी, गंगोह-ननौता-देवबंद-रूड़की, गंगोह-तीतरों-जलालाबाद-शामली तथा गंगोह-अंबहेटा-नकुड-सहारनपुर मार्गों पर चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निगम की संचालन आय से अतिरिक्त आय अर्जन के लिए बस बाडी पैनल तथा बस स्टेशन पर होर्डिंग के माध्यम से विज्ञापन अधिकार प्रतिस्पर्धात्मक बिडिंग के माध्यम से दिए जाने की कार्यवाही का निर्णय लिया गया। इसके अलावा निगम में इन्वेंट्री कंट्रोल के लिए अत्याधुनिक उपायों का प्रयोग किए जाने का भी निर्णय लिया गया है। परिवहन मंत्री ने बताया नवंबर 2006 में नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा से प्राप्त पूंजी से बसें क्रय कर नोएडा क्षेत्र का संचालन प्रारंभ किया गया, जिसमें प्रथम तीन वर्षों में संचालन से हुई हानि की शत-प्रतिशत प्रतिपूर्ति नोएडा, ग्रेटर नोएडा से परिवहन निगम को किए जाने की व्यवस्था थी, जो नहीं की गई। परिवहन निगम बोर्ड ने यह निर्णय लिया है कि वर्ष 2010 से वर्ष 2013 (अप्रैल-दिसंबर) की अवधि में संचालन हानि 12.79 करोड़ रुपए की प्रतिपूर्ति के लिए नोएडा विकास प्राधिकरण को बिल भेजा जाएगा।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]