स्वतंत्र आवाज़
word map

अधिकारी संवेदनशीलता से काम करें-अखिलेश

कई बड़े उद्यमी यूपी में निवेश के इच्छुक-सीएम का दावा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 20 January 2013 08:15:11 AM

ias week

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि राज्य सरकार की योजनाओं एवं नीतियों का लाभ जनता तक पहुंचाने के लिए अधिकारी पूरी ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा से काम करें। उन्होंने कहा कि गरीबों एवं किसानों को लाभ पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश में उद्योग स्थापना की व्यापक संभावनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अनेक बड़े उद्यमी यहां निवेश के इच्छुक हैं, इस अवसर का लाभ उठाने के लिए हमें राज्य में निवेश के लिए माहौल बनाने हेतु तत्परता से काम करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने विभिन्न जनपदों के अधिकारियों के अभिनव प्रयासों की जानकारी ली तथा इन्हें गुणावगुण के आधार पर पूरे प्रदेश में लागू करने पर बल दिया। हाल ही में आईएएस कैडर में प्रोन्नति पाए अधिकारियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह प्रमोशन काफी प्रयास एवं संघर्ष के बाद संभव हो सका है।
मुख्यमंत्री विधान भवन के तिलक हाल में प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के वीक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 6 वर्ष बाद आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम के लिए अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि इस आयोजन से आपसी सामंजस्य बढ़ाने और एक-दूसरे के अनुभव को समझने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी देश के ऊंचे पदों तक प्रोन्नति पाते रहे हैं, अधिकारी सरकार का अभिन्न अंग हैं, इसलिए सरकार की योजनाओं को लागू करने तथा जनता को लाभ पहुंचाने का सबसे बड़ा उत्तरदायित्व अधिकारियों का ही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण फैसले लेकर देश और समाज के लिए महत्वपूर्ण काम किए हैं, इस परंपरा को कायम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जनता, जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ अधिकारियों पर भी काफी भरोसा करती है, इसलिए अधिकारियों को जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता से काम करना चाहिए, हम सभी जनता की सेवा के लिए ही हैं। उन्होंने कहा कि विकास के लिए कानून व्यवस्था का ठीक रहना अत्यंत आवश्यक है, इसलिए प्रदेश सरकार ने कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।मुख्यमंत्री ने वूमेन पावर लाइन-1090 का उल्लेख करते हुए कहा कि कई प्रदेशों ने यह व्यवस्था लागू करने में रुचि दिखाई है।
उन्होंने वूमेन पावर लाइन-1090 योजना का और अधिक विस्तार करने पर बल देते हुए कहा कि इसका लाभ अधिक से अधिक महिलाओं को मिलना चाहिए। राज्य में बेहतर स्वाथ्य सुविधा पर उन्होंने कहा कि किसानों एवं आम लोगों की अधिकांश धनराशि पारिवारिक सदस्यों के इलाज में खर्च हो जाती है, इसीलिए राज्य सरकार ने गरीबों एवं किसानों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में और अधिक सुधार किया जाना चाहिए। समाजवादी स्वास्थ्य सेवा के तहत चल रही 108 इमरजेंसी मेडिकल ट्रांसपोर्ट सर्विस पर उन्होंने कहा कि इस सेवा को अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने की जरूरत है।
अखिलेश यादव ने अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रशिक्षण पर भी बल दिया। अधिकारियों से अपने अधीनस्थों पर नियंत्रण रखने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जहां आवश्यक हो वरिष्ठ अधिकारियों को आगे बढ़कर निर्णय लेने एवं नेतृत्व प्रदान करने में संकोच नहीं करना चाहिए। जनता से किए गए वादों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इसी के आधार पर जनता ने उनकी सरकार बनवाई है, इसलिए अधिकारियों का दायित्व है कि जनता से किए गए वादे गंभीरता से बिना किसी भ्रष्टाचार के लागू किए जाएं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश के वर्तमान उद्योग धंधों तथा कारखानों को चलाए रखने के साथ-साथ इस दिशा में नए निवेश के लिए भी काम कर रही है, शीघ्र ही आगरा में पार्टनरशिप सम्मिट-2013 आयोजित होने जा रही है।
इस अवसर पर राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष नवीन चंद्र वाजपेई ने योजनाओं की मंडलायुक्त तथा जिलाधिकारी स्तर पर लगातार समीक्षा करने एवं विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर बल दिया। मुख्य सचिव जावेद उस्मानी ने कहा कि आने वाले समय में भी अधिकारी पूरी गंभीरता व निष्ठा से राज्य सरकार की योजनाओं को प्रदेश में गुणवत्ता के साथ लागू कराएंगे। सभी स्तरों पर विकास कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की मानीटरिंग की जाएगी, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारी और अधिक सतर्कता से कार्य करेंगे। इसके पहले कृषि उत्पादन आयुक्त एवं आईएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक रंजन ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि यह एक ऐतिहासिक अवसर है, प्रदेश के हित में मुख्यमंत्री के विजन को लागू करने के लिए गंभीरता से प्रयास किया जाएगा। आईएएस वीक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव राकेश गर्ग, शासन के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस महानिदेशक एसी शर्मा, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी सहित आईएएस कैडर के अन्य अधिकारी उपस्थित थे। 

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]