सपा ने दी अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई की चेतावनीस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Sunday 20 January 2013 07:51:45 AM
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने अनाधिकृत रूप से वाहनों पर हूटर, लाल बत्ती, मिशन-2014 के स्टीकर तथा झंडे लगाकर चलने, होर्डिंग लगाने तथा विजटिंग कार्ड पर उनका या उनके साथ खुद का चित्र छपवाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए ऐसा करने वालों पर अनुशासनहीनता के आरोप में सख्त कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है। सपा के जिला, महानगर अध्यक्षों तथा महासचिवों को ताकीद की गई है कि इस संबंध में पार्टी के निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए, अनुशासनहीनता करने वालों की सूची प्रत्येक माह भेजी जाए, जिन जनपदो में इन निर्देशों का पालन नहीं होगा, वहां के जिला, महानगर अध्यक्षों को उत्तरदायी माना जाएगा।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी के निर्देशों का पालन न करने वालों पर कार्रवाई के लिए एक 15 सदस्यीय टीम भी गठित की है, जिसके सदस्य नरेश उत्तम एमएलसी, अरविंद कुमार सिंह सांसद, विजय यादव एमएलसी, संग्राम सिंह, पवन पांडेय, राज कुमार राजू, अरूण वर्मा (सभी विधायक) रामवृक्ष सिंह यादव सदस्य राष्ट्रीय कार्यकारिणी, रमेश प्रजापति सचिव राज्य कमेटी, उमाशंकर चौधरी सदस्य राज्य कमेटी एवं सुनील सिंह यादव पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी छात्रसभा, अमिताभ बाजपेयी पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष यूथ बिग्रेड, नफीस अहमद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी युवजन सभा, नईमुल हसन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यूथ बिग्रेड और निर्भय सिंह पटेल पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लोहिया वाहिनी बनाए गए हैं।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा है कि पार्टी के बाहर के लोगों के भी सपा का झंडा और होर्डिंग के दुरूपयोग पर बता दिया गया था कि पार्टी का झंडा लगाने के लिए कौन अधिकृत होगें। संगठन से निर्धारित कार्यक्रमों की होर्डिंग में आयोजक का चित्र नहीं होगा, केवल राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष अथवा मुख्य अतिथि के चित्र लगाए जा सकते हैं। लोकसभा चुनाव हेतु प्रत्याशी की होर्डिंग में राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ अपना स्वयं का फोटो छपवा सकते हैं। निवेदक के रूप में प्रत्याशी अपना नाम लिख सकते हैं।