स्वतंत्र आवाज़
word map

आंध्र और मध्य प्रदेश को राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 19 February 2014 06:38:52 PM

national tourism award

नई दिल्‍ली। केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री शशि थरूर ने एक भव्य समारोह में पर्यटन के समग्र विकास के लिए आंध्र प्रदेश और मध्य प्रदेश को संयुक्त रूप से राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार प्रदान किया। सर्वश्रेष्ठ राज्य, केंद्र शासित प्रदेश के वर्ग का यह प्रथम पुरस्कार है। इस वर्ग में दूसरा और तीसरा पुरस्कार क्रमश: केरल और गुजरात ने प्राप्त किया। पूर्वोत्तर और जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ राज्य, केंद्र शासित प्रदेश के वर्ग में जम्मू-कश्मीर को पुरस्कृत किया गया। इलाहाबाद ने 'ए' श्रेणी के शहरों के वर्ग में कुंभ मेले में सर्वश्रेष्ठ सिविक प्रबंधन का पुरस्कार जीता।
पति-पत्नी हग और कोलीन गेंजर को 'लाइफ टाइम अचीवमेंट' पुरस्कार प्रदान किया गया। ये दोनों पति-पत्नी भारतीय लेखक और फोटोग्राफर हैं। दोनों ने देश के एक राष्ट्रीय दैनिक समाचार-पत्र में अगस्त 1977 से पहला यात्रा स्तंभ शुरू किया था। आतिथ्य-सत्कार के क्षेत्र में 'लाइफ टाइम अचीवमेंट' पुरस्कार इतिहासविद् अमरनाथ और फ्रांसिस वाकजिराग ने ग्रहण किया। इन्होंने शेखावटी की धरोहर पर अंतर्राष्ट्रीय जागरूकता पैदा करने और देश के 10 राज्यों में 30 संपत्तियों को धरोहरों के रूप में बहाल करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है।
पर्यटन पर सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार टीवी धारावाहिक 'रंग है' के लिए मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम ने प्राप्त किया। 'एक्स' श्रेणी के शहरों में हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डे का पुरस्कार प्रदान किया गया। केरल के पर्यटन विभाग को सूचना प्रौद्योगिकी के श्रेष्ठ नवोन्मेषी उपयोग के लिए पुरस्कृत किया गया। बेंगलुरु शहर के रेलवे स्टेशन ने सर्वश्रेष्ठ पर्यटन-मित्र रेलवे स्टेशन और आंध्र प्रदेश ने फिल्मों के संवर्द्धन के लिए सर्वश्रेष्ठ मित्र राज्य का पुरस्कार प्राप्त किया।
सर्वश्रेष्‍ठ घरेलू टूर ऑपरेटर का पुरस्कार मैसर्स यात्रा ऑनलाइन प्राइवेट लिमिटेड को प्रदान किया गया। फाइव स्टार डीलक्स होटलों के वर्ग में प्रथम पुरस्कार उदयपुर के ताज लेक पैलेस होटल ने और ग्रांड वर्ग में सर्वश्रेष्ट हेरिटेज होटल का पुरस्कार उदयपुर के फतह प्रकाश पैलेस होटल ने हासिल किया। नई दिल्ली स्थित आईटीसी मौर्य होटल को सर्वश्रेष्ठ पारिस्थितिकी-मित्र पुरस्कार दिया गया। होशियारपुर के फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट में कार्यरत आरती थापा ने सर्वश्रेष्ठ महिला-रसोइया का पुरस्कार हासिल किया।
शशि थरूर का कहना था कि तरह-तरह के खानपान, धरोहरों और सांस्कृतिक अनुभव ने भारत को पर्यटन के अवसरों के मामले में अद्वितीय अवश्य बना दिया है, लेकिन अभी भी हमारे लिए अपने यहां पर्यटकों का प्रवाह बढ़ाना एक चुनौती बना हुआ है। भारत की लगभग पांच प्रतिशत जनसंख्या वाले छोटे से देश फ्रांस ने गत वर्ष आठ करोड़ तीस लाख पर्यटकों को आकर्षित किया जो पर्यटकों की संख्या में भारत से 12 गुना अधिक है। वर्ष 2016 में वैश्विक पर्यटन में भारत का हिस्सा 0.6 प्रतिशत से बढ़कर 1.0 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]