रेड अलार्म सिस्टम देगा सीमा प्रहरियों को खतरे की अग्रिम चेतावनी
गृहमंत्री ने सिलीगुड़ी में जूमागाछ सीमा चौकी का किया अवलोकनस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Sunday 19 July 2026 03:21:46 PM
सिलीगुड़ी। गृहमंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल दौरे पर सिलीगुड़ी में जूमागाछ बॉर्डर आउटपोस्ट पर जाकर सीमा सुरक्षा को और सुदृढ़ करने वाली स्वदेशी और अत्याधुनिक तकनीकों का अवलोकन किया। गृहमंत्री ने रेडियो आधारित बाड़ भेदन पहचान प्रणाली का अवलोकन किया, जिससे सीमा पर लगी बाड़ में छेड़छाड़ पर पूर्व-रिकॉर्डेड संदेश के प्रसारण से जवानों को तत्काल सजग किया जाता है। गृहमंत्री ने 47 करोड़ रूपए की लागत वाली बीएसएफ की 3 परियोजनाओं का ई-शिलान्यास किया। गृहमंत्री ने पश्चिम बंगाल में सीमा सुरक्षा की 2 सीमा चौकियों केलिए नवअधिग्रहित भूमि पर 30 करोड़ रूपए की लागत से 4 किलोमीटर लंबी सीमा तारबंदी निर्माण योजना का ई-शिलान्यास किया।
गृहमंत्री अमित शाह ने नदी-नाले वाले दुर्गम इलाकों या सीमा पर लगी बाड़ केबीच के खुले हिस्सों को सुरक्षित बनाने केलिए लगाए गए इंफ्रा रेड अलार्म सिस्टम को भी देखा, जो इंफ्रा रेड किरणों केबीच अवरोध आते ही जवानों को खतरे की अग्रिम चेतावनी देता है। गृहमंत्री ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर नागरिकों और किसानों की आवाजाही को सुरक्षित और सुगम बनाने केलिए तैयार गेट मैनेजमेंट सिस्टम भी देखा। अमित शाह ने वॉच टावर का दौरा किया और इस अवसर पर कहाकि नरेंद्र मोदी सरकार देश की सभी सीमाओं को अभेद्य बनाने केप्रति कटिबद्ध है, सरकार सीमाओं को चाकचौबंद बनाने केलिए चतुष्कोणीय सुरक्षा ग्रिड का निर्माण कर रही है। उन्होंने कहाकि देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे सुरक्षाबलों के जवानों और उनके परिजनों का कल्याण मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अमित शाह ने कहाकि चतुष्कोणीय सुरक्षा ग्रिड सबसे पहले पूरे बंगाल में जमीनी स्तरपर लागू किया जाएगा। उन्होंने कहाकि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े लंबित इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों को प्राथमिकता केसाथ पूरा किया जा रहा है। सिलीगुड़ी में गृहमंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में सीमा संबंधी मुद्दों पर महत्वपूर्ण बैठक भी की। उन्होंने पश्चिम बंगाल में भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत नए कानूनों के पूर्ण क्रियांवयन और राज्य में जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण के संबंध में भी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ व्यापक विमर्श किया। गृहमंत्री ने प्रहरी सम्मेलन के दौरान बीएसएफ जवानों केसाथ संवाद किया। इस मौके पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी, केंद्रीय गृह सचिव, आसूचना ब्यूरो के निदेशक और सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक उपस्थित थे।