भारतीय समुदाय में गर्मजोशी ऊर्जा और उत्साह ही उत्साह
न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन भी शामिल हुएस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Saturday 11 July 2026 06:52:22 PM
ऑकलैंड। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ऑकलैंड में ‘किया ओरा मोदी’ कार्यक्रम में न्यूज़ीलैंड में रहने वाले भारतीय प्रवासियों की विशाल सभा को संबोधित किया। न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन भी कार्यक्रम में विशेष रूपसे उपस्थित थे। करीब 10,000 से अधिक भारतीय प्रवासियों की यह सभा थी, जिसमें गर्मजोशी, ऊर्जा और उत्साह ही उत्साह था। अप्रवासी भारतीय अपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुनने और देखने केलिए देशभर से आए थे। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन को उनकी गरिमामय उपस्थिति और कीवी-भारतीय समुदाय के कल्याण सहित द्विपक्षीय साझेदारी केलिए उनके सहयोग केलिए धन्यवाद से की। उन्होंने अपने समुदाय द्वारा किए गए विशेष स्वागत की जोरदार सराहना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहाकि न्यूज़ीलैंड में भारतीय समुदाय एक सक्रिय शक्ति के रूपमें उभरा है और न्यूज़ीलैंड में जीवन के हर क्षेत्रमें महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। प्रधानमंत्री ने न्यूज़ीलैंड के बहुसांस्कृतिक ताने-बाने को समृद्ध करते हुए अपनी संस्कृति, त्योहारों और परंपराओं को संरक्षित करने केलिए भारतीय समुदाय की प्रशंसा की। उन्होंने विशेष रूपसे भारतीय समुदाय की नि:स्वार्थ सेवा भावना की सराहना करते हुए स्वयंसेवा, दान और सामुदायिक कल्याण के क्षेत्रमें उनके अनुकरणीय कार्यों का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहाकि यह सभा भले ही भारतीय प्रवासियों की हो, लेकिन वास्तव में यह भारत-न्यूजीलैंड की मित्रता, खेल संबंधों और आर्थिक साझेदारी का समारोह है। उन्होंने कहाकि 2026 में खेल सहयोग के 100 वर्ष पूरे हो रहे हैं और दोनों देश अपने खेल संबंधों को और गहरा करने के लिए उत्सुक हैं।
नरेंद्र मोदी ने स्थानीय माओरी संस्कृति के समावेशी और सतत दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहाकि भारत भी विकास के ऐसे मार्ग पर चल रहा है, जो विरासत को विकास के साथ जोड़ता है। प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय से आग्रह कियाकि वे भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच मित्रता, विश्वास और सहयोग के सेतु का कार्य करते रहें और दोनों देशों के लाभ केलिए रणनीतिक साझेदारी की पूरी क्षमता को साकार करने में योगदान दें।