केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिले मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी
कृषि और ग्रामीण विकास मंत्रालय का हरसंभव मदद का आश्वासनस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Tuesday 9 June 2026 03:59:10 PM
नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से कृषि भवन दिल्ली में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मुलाकात की। दोनों केबीच कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल के ग्रामीण विकास और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने केलिए कई महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी। जैसे ग्रामीण विकास मंत्रालय ने जून 2026 केलिए महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) केतहत पश्चिम बंगाल को 153 लाख मानव दिवस का श्रम बजट स्वीकृत किया है। यह स्वीकृति राज्य सरकार के अनुरोध तथा योजना के क्रियांवयन हेतु आवश्यक तैयारियों में हुई प्रगति को ध्यान में रखते हुए प्रदान की गई है। इससे राज्य में पर्याप्त संख्या में कार्य प्रारंभ किए जा सकेंगे तथा रोज़गार की मांग करने वाले ग्रामीण परिवारों को समय पर काम उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे पात्र ग्रामीण श्रमिकों को मजदूरी आधारित रोज़गार निरंतर मिलता रहेगा।
ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को यह भी बतायाकि 1 जुलाई 2026 से ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोज़गार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ (वीबी-जी राम जी) अधिनियम-2025 लागू होने जारहा है। यह नया ढांचा ग्रामीण आजीविका सुरक्षा को मजबूत करने तथा टिकाऊ एवं उत्पादक ग्रामीण परिसंपत्तियों के निर्माण को बढ़ावा देने की दिशामें एक महत्वपूर्ण कदम है। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने नए ढांचे के सुचारु क्रियांवयन केलिए पश्चिम बंगाल सरकार की तैयारियों और प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत पश्चिम बंगाल में अबतक कुल 7769 सड़कें (40,910 किलोमीटर) और 61 पुल स्वीकृत किए जा चुके हैं, इनमें से 7,395 सड़कें (38,970 किलोमीटर) तथा 54 पुलों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 374 सड़कें (1,579 किलोमीटर) और 6 पुलों पर कार्य प्रगति पर है। वर्ष 2026-27 में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV के प्रथम चरण के अंतर्गत केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल केलिए 432 सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है, इनकी कुल लंबाई 759.933 किलोमीटर है तथा इनपर 663.09 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इन सड़कों से पहलीबार 535 असंबद्ध बस्तियों को सड़क संपर्क उपलब्ध होगा।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV के दूसरे चरण में 6 सड़कों से जुड़े 6 पुलों के निर्माण केलिए 49.24 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे 14 और बस्तियों को पहलीबार संपर्क सुविधा प्राप्त होगी। वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-III केतहत 39 पुलों के निर्माण केलिए 300.83 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। पश्चिम बंगाल केलिए स्वीकृत नई सड़क एवं पुल परियोजनाओं की लागत 1,013.16 करोड़ रुपये है, जिससे ग्रामीण संपर्क और आधारभूत संरचना को महत्वपूर्ण मजबूती मिलेगी। बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को पश्चिम बंगाल में पुनः लागू करने, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर एवं फार्मर आईडी कार्यक्रम को शुरू करने तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभ किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर भी सहमति बनी। शिवराज सिंह चौहान ने कहाकि कृषि एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्रमें पश्चिम बंगाल में अपार संभावनाएं हैं और केंद्र सरकार राज्य केसाथ मिलकर कृषि रोडमैप तैयार करेगी, किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, बागवानी, जूट, आलू एवं अन्य फसलों के विकास केलिए विशेष प्रयास करेगी।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने केंद्र सरकार के सहयोग केलिए आभार व्यक्त करते हुए कहा हैकि पश्चिम बंगाल सरकार कृषि एवं ग्रामीण विकास योजनाओं के राज्य मे प्रभावी क्रियांवयन केलिए पूरी प्रतिबद्धता केसाथ कार्य करेगी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को पश्चिम बंगाल का दौरा कर किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन करने केलिए आमंत्रण दिया। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, जलागम (वाटरशेड) विकास, भूमि अभिलेख आधुनिकीकरण, लखपति दीदी कार्यक्रम और ग्रामीण गरीबी उन्मूलन से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री को कृषि और ग्रामीण विकास मंत्रालय की तरफ से हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया।