भारत व दक्षिण अफ्रीका अपने द्विपक्षीय संबंधों को और मज़बूत करेंगे
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से भेंट और प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्तास्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Tuesday 2 June 2026 05:02:40 PM
नई दिल्ली। भारत की आधिकारिक यात्रा पर आए दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति शिपोकोसा पॉलस माशातिले और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन की आज उपराष्ट्रपति भवन नई दिल्ली में बड़ी गर्मजोशीभरी मुलाकात हुई। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उनके साथ आए दक्षिण अफ्रीकी सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग और कौशल विकास के क्षेत्रमें सहयोग बढ़ाने तथा दोनों देशों के लोगों केबीच आपसी संबंध प्रगाढ़ बनाने पर सार्थक चर्चा की। उन्होंने विकासशील देशों की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने और ब्रिक्स, जी20, भारत, ब्राज़ील और दक्षिण अफ्रीका के त्रिपक्षीय संगठन-आईबीएसए और हिंद महासागर के तटों से लगे देशों के प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय और अंतर-सरकारी संगठन इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन जैसे बहुपक्षीय मंचों में सहयोग बढ़ाने पर भी बातचीत की।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति ने द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों के पूर्ण क्षमता उपयोग पर चर्चा की और व्यवसायों व निवेशक अनुकूल वातावरण की आवश्यकता पर भी बल दिया। इस संदर्भ में भारतीय उपराष्ट्रपति ने प्रस्तावित भारत-दक्षिण अफ्रीकी सीमा शुल्क संघ प्राथमिकता व्यापार समझौते का उल्लेख किया। उन्होंने इसपर वार्ता शीघ्र प्रारंभ होने और सफल परिणाम की आशा व्यक्त की। दोनों पक्षों ने बढ़ते रक्षा सहयोग का स्वागत किया और भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के नौसैनिक अभ्यास के आगामी आयोजनों सहित विस्तारित सहयोग की आशा व्यक्त की। सीपी राधाकृष्णन ने भारत में चीते हस्तांतरितकर उन्हें प्राकृतिक आवास में पहुंचाने संबंधी कार्यक्रम में समर्थन केलिए दक्षिण अफ्रीका को धन्यवाद दिया। प्रोजेक्ट चीता की उत्साहवर्धक प्रगति और वन्यजीवन में सफल प्रजनन को देखते हुए उन्होंने इस अनूठी संरक्षण पहल में दक्षिण अफ्रीका के निरंतर सहयोग का आग्रह किया।
सीपी राधाकृष्णन ने दक्षिण अफ्रीका को भारत की प्रमुख बहुपक्षीय पहल अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन, आपदाप्रतिरोधी अवसंरचना गठबंधन (सरकारों, संयुक्तराष्ट्र एजेंसियों, बहुपक्षीय विकास बैंकों, निजी क्षेत्र और शैक्षणिक संस्थानों की अंतर्राष्ट्रीय साझेदारी) और इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस (दुनियाभर में बाघ, शेर, तेंदुआ, हिम तेंदुआ, चीता, जगुआर और प्यूमा के संरक्षण संबंधी पहल) में शामिल होने पर विचार करने हेतु आमंत्रित किया, जो साझा विकास और सतत विकास उद्देश्यों के अनुरूप हैं। बैठक में भारत और दक्षिण अफ्रीका ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को और सुदृढ़ बनाने तथा शांति, समृद्धि, सतत विकास व विकासशील देशों के हितों केलिए मिलकर काम करने की साझा प्रतिबद्धता व्यक्त की। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति और उनके प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को भारत में सुखद और उपयोगी प्रवास की शुभकामनाएं दीं।