स्वतंत्र आवाज़
word map

नए सीडीएस जनरल सुब्रमणि ने कार्यभार संभाला

राष्ट्रीय सुरक्षा को और अधिक सशक्त बनाएंगे-सीडीएस राजा सुब्रमणि

चार दशक से अधिक का उत्कृष्ट और गौरवपूर्ण सैन्यसेवा का अनुभव!

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 1 June 2026 01:09:09 PM

new cds general subramani assumes charge

नई दिल्ली। भारतीय सेनाओं के तीसरे चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) और सैन्य कार्य विभाग के सचिव के रूपमें जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने इस अवसर पर अपने पूर्ववर्तियों के दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में उनके अनुकरणीय योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए उनकी उपलब्धियों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। सशस्त्र बलों पर देशवासियों के अटूट विश्वास केप्रति आभार व्यक्त करते हुए जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कहाकि वे राष्ट्रीय सुरक्षा को और अधिक सशक्त बनाने केलिए ‘संपूर्ण राष्ट्र दृष्टिकोण’ केतहत हितधारकों केसाथ मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने रक्षाबलों केबीच संयुक्तता, एकीकरण और बेहतर तालमेल को बढ़ावा देने को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया। आशा हैकि उनकी विशिष्ट सेवा, व्यापक ऑपरेशनल अनुभव और रणनीतिक सूझ-बूझ, राष्ट्र की सेवा में सशस्त्र बलों को और अधिक एकीकरण, एकजुटता और क्षमता वृद्धि की दिशा में लगातार मार्गदर्शन प्रदान करेगी।
सीडीएस जनरल राजा सुब्रमणि ने आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को गति देने केलिए स्वदेशी रक्षा प्रणालियों और हथियारों के त्वरित विकास, अधिग्रहण, समावेशन एवं प्रभावी एकीकरण पर विशेष ध्यान केंद्रित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ ने सशस्त्र रक्षाबलों के क्षमता निर्माण और आधुनिकीकरण की प्रक्रिया को गति देने के विचार एवं कार्य दोनों स्तरों पर नवाचार को बढ़ावा देने तथा हितधारकों केबीच बेहतर समन्वय व सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने रक्षाबलों के कर्मियों की उच्चकार्य कुशलता, समर्पण और परिचालन तत्परता की सराहना करते हुए उनके निरंतर प्रशिक्षण, कौशल विकास एवं कल्याण केप्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के हितों की रक्षा एवं उनके कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया। सीडीएस ने सभी रैंकों से बदलाव को अपनाने, सैन्य मूल्यों को बनाए रखने और सभी क्षेत्रोंमें उत्कृष्टता प्राप्त करने केलिए निरंतर प्रयास करने का आग्रह किया।
जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने सर्वप्रथम राष्ट्रीय समर स्मारक दिल्ली पर जाकर पुष्पचक्र अर्पितकर मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात साउथ ब्लॉक लॉन में उन्हें भारतीय सशस्त्र बलों की ओर से भव्य त्रिसेवा गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। जनरल एनएस राजा सुब्रमणि को चार दशक से अधिक की उत्कृष्ट और गौरवपूर्ण सैन्यसेवा केलिए व्यापक सम्मान प्राप्त हुआ है। दिसंबर 1985 में उन्हें गढ़वाल राइफल्स में कमीशन मिला था। अपने विशिष्ट सैन्य करियर के दौरान उन्होंने अनेक महत्वपूर्ण कमान एवं स्टाफ नियुक्तियों का दायित्व संभाला, जिनमें द्वितीय कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग, केंद्रीय कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ और सेना के उपप्रमुख जैसे अहम पद शामिल हैं। जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने सीडीएस का दायित्व संभालने से पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के रूपमें भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]