पुलिस सुरक्षित और जागरुक समाज का निर्माण करे-राष्ट्रपति
'सिक्किम पुलिस ने लोगों का स्नेह और सम्मान अर्जित किया'स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Thursday 28 May 2026 02:18:56 PM
गंगटोक। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज गंगटोक में समारोहपूर्वक सिक्किम पुलिस को ‘राष्ट्रपति का निशान’ प्रदान किया। राष्ट्रपति ने इस सम्मान केलिए सिक्किम पुलिस से पूर्व में और वर्तमान में जुड़े सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को बधाई दी। राष्ट्रपति को यह जानकर प्रसन्नता हुईकि वर्ष 1897 में अपनी स्थापना के बादसे इस पुलिस बल ने सिक्किम में शांति, सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने केलिए अनुकरणीय कार्य किया है। राष्ट्रपति ने जिक्र कियाकि भारत की पुलिस व्यवस्था में लंबे समय तक चले औपनिवेशिक शासन का प्रभाव रहा है, गुलामी के दौर में पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता की सेवा करना नहीं, बल्कि उनपर नियंत्रण रखना और शासन के आदेशों को कठोरता से लागू करना था, इसी कारण पुलिस व्यवस्था में गुलामी की मानसिकता विकसित हो गई।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहाकि इस मानसिकता के अनुसार पुलिस में जनता का सहयोग करने की सोच के बदले उनपर शासन करने की सोच होती थी, अब इस सोच में बदलाव आ रहा है। उन्होंने कहाकि देशवासियों को सशक्त बनाने केलिए गुलामी की इस सोच से पूरी तरह से मुक्ति अत्यंत आवश्यक है, तभी देशवासी विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में बढ़-चढ़कर योगदान दे पाएंगे। राष्ट्रपति ने कहाकि पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही अत्यंत जरूरी है, पुलिस व्यवस्था को और अधिक नागरिक हितैषी बनाया जाना चाहिए, ताकि सामान्य लोग बिना भय के अपनी समस्या दर्ज करा सकें। उन्होंने कहाकि महिलाओं, बच्चों और समाज के कमजोर वर्गों केप्रति संवेदनशील व्यवहार को भी प्राथमिकता देनी चाहिए।
राष्ट्रपति ने कहाकि पुलिस को नागरिकों का सहयोगी और मार्गदर्शक बनना है, सहयोगी की भूमिका अपनाने से जनता और पुलिस केबीच विश्वास बढ़ेगा। उन्होंने कहाकि जब पुलिस लोगों की समस्याओं को समझकर उनकी सहायता करेगी, तब समाज में सुरक्षा और कानून केप्रति सम्मान भी बढ़ेगा। उन्होंने कहाकि पुलिस व्यवस्था का उद्देश्य केवल अपराधियों को पकड़ना नहीं, बल्कि सुरक्षित और जागरुक समाज का निर्माण करना होना चाहिए। राष्ट्रपति को यह जानकर प्रसन्नता हुईकि सिक्किम में शांति और भाईचारा बनाए रखने में सिक्किम पुलिस ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है, सिक्किम पुलिस ने नागरिकों केप्रति अपने पेशेवर और मित्रतापूर्ण व्यवहार के बल पर सिक्किम के लोगों का स्नेह और सम्मान अर्जित किया है।