इंजीनियरिंग में स्नातक योग्यता परीक्षा पास उम्मीदवार आवेदन करें
उम्मीदवार वायुसेना चयन बोर्ड में परीक्षा के लिए सीधे चुने जाएंगेस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Wednesday 27 May 2026 04:06:54 PM
नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना ने तकनीकी शाखा (अधिकारी कैडर) में भर्ती शुरू कर दी है। इसमें योग्य उम्मीदवार इंजीनियरिंग में स्नातक योग्यता परीक्षा जीएटीई (गेट) के अंकों के आधार पर आवेदन कर सकते हैं यानी नई पहल के तहत वैध जीएटीई स्कोर वाले उम्मीदवार वायुसेना चयन बोर्ड में परीक्षा केलिए सीधे चयन किए जाने के पात्र होंगे। चयन योग्यता के आधार पर होगा, इससे इन उम्मीदवारों को वायुसेना सामान्य प्रवेश परीक्षा (एएफसीएटी) जैसी प्रारंभिक लिखित परीक्षा से छूट मिल जाएगी। जीएटीई स्कोर योजना केवल तकनीकी शाखा में भर्ती केलिए लागू होगी। एएफसीएटी भारतीय वायुसेना की तकनीकी शाखा सहित सभी शाखाओं में भर्ती केलिए मानक प्रवेश परीक्षा के रूपमें कार्य करती रहेगी।
जीएटीई स्कोर योजना केलिए प्रवेशस्तर की शैक्षणिक योग्यताएं एएफसीएटी से तकनीकी शाखा केलिए मौजूदा भर्ती मानदंडों के अनुरूप ही रहेंगी। स्वीकार्य जीएटीई विषयों की एक विस्तृत सूची भारतीय वायुसेना की एएफसीएटी अधिसूचना 02/2026 में औपचारिक रूपसे प्रकाशित की गई है। यह https:\\ www.afcat.edcil.co.in और www.careeriaf.gov.in पर उपलब्ध है। उम्मीदवारों को अधिकतम लचीलापन और अवसर मिलेगा, योग्य उम्मीदवार अपनी पसंद के अनुसार एएफसीएटी और जीएटीई स्कोर दोनों योजनाओं के माध्यम से तकनीकी शाखा केलिए आवेदन कर सकते हैं। भारतीय वायुसेना में अधिकारी स्तर की सेवाओं में प्रवेश योजनाओं के बारेमें नियमित अपडेट केलिए इच्छुक उम्मीदवार डीआईएसएचए इंडियन एयर फोर्स के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल @careeriniaf (इंस्टाग्राम और एक्स) और @DISHA भारतीय वायुसेना फेसबुक, यूट्यूब, लिंक्डइन को फॉलो कर सकते हैं।