दिल्ली में रेलवे की एक उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक
रेल दुर्घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा बढ़ाईस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Thursday 21 May 2026 05:46:22 PM
नई दिल्ली। रेलवे को निशाना बनाने वाली हालकी घटनाओं के मद्देनज़र रेलवे ने यात्रियों से यात्रा के दौरान सतर्क और सावधान रहने को कहा है। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज रेल राज्यमंत्री वी सोमन्ना और रवनीत सिंह बिट्टू, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष, रेल मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं देशभर के फील्ड अधिकारियों केसाथ रेल भवन नई दिल्ली में एक उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की। बैठक में बताया गयाकि रेलवे हालही में हुई आगजनी की कुछ घटनाओं सहित कई मामलों की प्रारंभिक जांच में असामाजिक तत्वों की संलिप्तता का संज्ञान लेते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ड्रोन, सीसीटीवी जैसे नवीनतम तकनीकी उपकरणों का बड़े पैमाने पर उपयोग कर रहा है। रेलगाड़ियों, यात्रियों, स्टेशन परिसर और विशाल रेल नेटवर्क की सुरक्षा बढ़ाने केलिए यह कार्य मिशन मोड में किया जा रहा है। इसके अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल के बीट स्तरपर खुफिया जानकारी जुटाने की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहाकि रेलवे ने इन घटनाओं को गंभीरता से लिया है और रेलवे सुरक्षा बल इनकी सक्रिय रूपसे जांच कर रहा है। उन्होंने कहाकि कई मामलों में रेलवे की त्वरित और सक्रिय कार्रवाई से बड़ी दुर्घटनाओं को टालने में मदद मिली है। उन्होंने कहाकि खुफिया प्रणालियों को मजबूत करने और सूचनाओं को तेजीसे संसाधित करने केलिए प्रौद्योगिकी के उपयोग के अलावा रेल मंत्रालय यात्रियों को यात्रा के दौरान और स्टेशन परिसर में प्रतीक्षा करते समय असामाजिक गतिविधियों को रोकने के प्रयासों में सक्रिय रूपसे सहयोग करने केलिए भी प्रोत्साहित करेगा। रेलवे परिसर में किसीभी संदिग्ध गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति को देखने पर तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना देने को कहा गया है। सुरक्षा समीक्षा चर्चाओं में बेहतर रिपोर्टिंग प्रणाली के जरिए जमीनी स्तरसे खुफिया जानकारी जुटाने की प्रक्रिया को मजबूत करने पर बल दिया गया।
रेलवे सुरक्षा समीक्षा बैठक में प्रौद्योगिकी आधारित सुरक्षा प्रणालियों को बेहतर बनाने, रेलवे नेटवर्क में सीसीटीवी कवरेज का विस्तार करने और रेलवे बोर्ड मुख्यालय तथा फील्ड जोन केबीच परिचालन सुरक्षा तालमेल को सुधारने पर भी बल दिया गया। बैठक में साइबर सुरक्षा को मजबूत करने, कैमरों की विशिष्टताओं को उन्नत करने और एआई आधारित निगरानी प्रणालियों को तैनात करने पर भी विचार किया गया। बैठक में रेलवे नेटवर्क में अधिक प्रभावी सुरक्षा प्रबंधन केलिए आरपीएफ और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) केबीच सूचना साझाकरण तंत्र को बेहतर बनाकर आपसी तालमेल को मजबूत करने पर भी ध्यान केंद्रित किया गया।