स्वतंत्र आवाज़
word map

एनएफडीसी की मलयालम फिल्म रिलीज को तैयार

फिल्म अचप्पाज़ एल्बम में मानवीय संबंधों का हास्य और मर्मस्पर्शी संगम

विभिन्न भारतीय भाषाओं में फिल्मों के निर्माण प्रचार संरक्षण को बढ़ावा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 15 April 2026 03:28:56 PM

achappazh film album

नई दिल्ली। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम लिमिटेड (एनएफडीसी) अपनी नवीनतम मलयालम फिल्म 'अचप्पाज़ एल्बम' (ग्रैम्पाज़ एल्बम) को रिलीज करने केलिए तैयार है। कल्पना पर आधारित पारिवारिक जीवन, हास्य और भावनाओं के अनूठे संगम के रूपमें यह फिल्म समय यात्रा से जुड़ी कहानी को दर्शाती है। यह 24 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने वाली है। दीप्ति पिल्लै सिवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी संजीव सिवन, अनिर्बान भट्टाचार्य और उमेश नायर ने लिखी है। यह फिल्म अतीत को पुनः जीने की ओर शाश्वत आकर्षण को दर्शाती है। कहानी एक पिता और पुत्र के इर्द-गिर्द घूमती है, जो भाग्य के एक अप्रत्याशित मोड़ के कारण एक-दूसरे का जीवन जीने लगते हैं। यह परिवर्तन पीढ़ीगत दृष्टिकोणों, जीवन विकल्पों की मर्मस्पर्शी और हास्यपूर्ण पड़ताल का आधार बनता है।
अचप्पाज़ एल्बम फिल्म में दिग्गज अभिनेता मोहन अगाशे, अंजना अप्पुकुट्टन, आदिनाथ कोठारे, प्रियंका नायर और सिद्धांशु संजीव सिवन जैसे कई कलाकार हैं। तकनीकी टीम में सिने छायाकार मनोज पिल्लई, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संपादक श्रीकर प्रसाद और गुलराज सिंह जैसे जानेमाने पेशेवर संगीतकार हैं। फिल्म के बारेमें निर्देशक दीप्ति पिल्लै सिवन ने कहा हैकि यह फिल्म एक सरल, किंतु आकर्षक समययात्रा की कथा से गहरे मानवीय संबंधों की पड़ताल करती है। वे कहते हैंकि इस कहानी को रुपहले पर्दे पर लाने में एनएफडीसी के महत्वपूर्ण सहयोग केलिए आभारी हैं। एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक प्रकाश मगदुम ने विविध प्रकार के सिनेमा को बढ़ावा देने में एनएफडीसी की भूमिका पर कहाकि यह फिल्म भारतीय सिनेमा में अनूठी ध्वनियों को बढ़ावा देने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहाकि यह अपनी कल्पनाशील अवधारणा और भावनात्मक गहराई के संयोजन से सभी पीढ़ियों के दर्शकों के दिलों को छूने की क्षमता रखती है।
एनएफडीसी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अचप्पाज़ एल्बम फिल्म का पहला टीज़र उपलब्ध है और आधिकारिक ट्रेलर जल्दही जारी होने की उम्मीद है। गौरतलब हैकि 1975 में स्थापित राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम लिमिटेड (एनएफडीसी) सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन भारतीय सिनेमा के विकास केलिए सर्वोच्च निकाय है। यह विभिन्न भारतीय भाषाओं में फिल्मों के निर्माण, प्रचार और संरक्षण सहित संपूर्ण फिल्म निर्माण प्रणाली में सहयोग करता है। अचप्पाज़ एल्बम फिल्म टीज़र https://www.youtube.com/watch?v=G6WDgZNA5u8 लिंक पर देखा जा सकता है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]