'भारत अभूतपूर्व पैमाने पर चुनाव के नए मानक स्थापित कर रहा'
अंतर्राष्ट्रीय निर्वाचन आगंतुकों ने देखा भारत में लोकतंत्र का महापर्वस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Saturday 11 April 2026 06:32:24 PM
नई दिल्ली। भारत में चुनाव और भारी मतदान ने विश्व का ध्यान अपनी ओर खींचा है। केरल, पुडुचेरी और असम में हुए विधानसभा चुनाव देखने आए भारत निर्वाचन आयोग के अंतर्राष्ट्रीय निर्वाचन आगंतुक कार्यक्रम (आईईवीपी) 2026 के अंतर्गत 22 देशों के 38 प्रतिनिधियों ने भारत की निर्वाचन प्रक्रिया की व्यापकता, सटीकता और जीवंतता को प्रत्यक्ष रूपसे देखा। प्रतिनिधियों ने इस अनुभव को लोकतंत्र का एक सच्चा पर्व बताते हुए मतदाताओं की रिकॉर्ड भागीदारी, सावधानीपूर्वक योजना और निर्वाचन आयोग की चुनावों के सुचारू संचालन की सराहना की। क्रोएशिया के ब्रानिमीर फ़ार्कस ने कहाकि भारत में चुनाव प्रबंधन और लोगों का मतदान केप्रति उत्साह सराहनीय है, हम इस प्रक्रिया से बहुत कुछ सीख सकते हैं, यह एक व्यापक प्रक्रिया है और इसे सही ढंग से संपन्न किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने असम, केरल और पुडुचेरी की अपनी दो दिवसीय यात्रा (8-9 अप्रैल) की शुरुआत प्रेषण और वितरण केंद्रों का दौरा करके की। यहां उन्होंने सुनियोजित रसद और स्थापित मानक प्रक्रियाओं से चुनाव सामग्री केसाथ मतदान दलों की व्यवस्थित आवाजाही का अवलोकन किया।
अंतर्राष्ट्रीय निर्वाचन आगंतुकों ने संबंधित राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों और राज्य पुलिस के नोडल अधिकारियों से चुनाव के संपूर्ण संचालन और सुरक्षा व्यवस्था के बारेमें बातचीत की। उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के कार्यालयों में मतदान केंद्रों की 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की निगरानी केलिए स्थापित सीसीटीवी नियंत्रण कक्षों का दौरा किया और उन्हें पारदर्शिता का एक मजबूत स्तंभ बताया। एनकोना मेक्सिको के उउक-किब एस्पादास ने कहाकि भारत में चुनाव प्रक्रिया से निश्चित रूपसे बहुत कुछ सीखने को मिलता है। प्रतिनिधियों ने मतदान के दिन सुबह मॉक पोल देखा, इसके बाद उन्होंने वास्तविक मतदान प्रक्रिया को देखने केलिए असम (कामरूप मेट्रो और कामरूप ग्रामीण), केरल (कोच्चि और तिरुवनंतपुरम) और पुडुचेरी में मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर मौजूद समावेशी, सहभागी और सुलभ सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने मतदान केंद्रो पर रैंप, व्हीलचेयर, स्वयंसेवक और शिशु देखभाल सुविधाओं केसाथ महिलाओं और दिव्यांग व्यक्तियों के प्रबंधित विशेष मतदान केंद्र की भी सराहना की। केन्या की फहिमा अराफत अब्दुल्ला ने कहाकि सर्वोच्च स्तर की समावेशिता देखने को मिली।
नामीबिया के पॉलस शिगवेधा ने कहाकि मतदान केंद्रों की व्यवस्था और सुविधाओं की बेहतरीन व्यवस्था से हम बेहद प्रभावित हैं, यहां व्हीलचेयर और शिशु देखभाल सुविधा उपलब्ध है। प्रतिनिधिमंडल ने जिलास्तरीय मीडिया निगरानी केंद्रों का दौरा किया और वेबकास्टिंग से चुनावों की निरंतर निगरानी की सराहना की। उन्होंने मतदान केंद्रों पर वृक्षारोपण अभियानों में भी भाग लेकर पर्यावरण के अनुकूल और सतत चुनावी प्रक्रियाओं को दिखाया। सिएरा लियोन के अबू बकर महमूद कोरोमा ने कहाकि भारत की सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक है ईवीएम का उपयोग हमने जो कुछ सीखा है, उसे हम अपने साथ घर ले जाकर लागू करने के तरीके खोजेंगे, यह एक पर्व जैसा है, यही भावना होनी चाहिए। पुडुचेरी में प्रतिनिधिमंडल उड़नदस्ते, ड्रोन आधारित निगरानी और स्वागत रोबोट नीला जैसी अभिनव पहलों जैसे उन्नत सतर्कता उपायों से प्रभावित हुआ। केरल में उन्होंने जनरेशन जेड थीम वाले मतदान केंद्र का दौरा किया और पहलीबार मतदान करने वाले मतदाताओं के उत्साह की सराहना की, जबकि कामरूप (ग्रामीण) असम में प्रतिनिधिमंडल ने मतदान केंद्रों पर स्वास्थ्य जांच सुविधाओं का लाभ उठाया और उनकी प्रशंसा की।
मतदान के सुचारू संचालन और भारी मतदान ने आगंतुक टीमों पर गहरा प्रभाव छोड़ा। उन्होंने चुनाव प्रबंधन की व्यापकता और भव्यता को देखने का अवसर देने के ए भारत निर्वाचन आयोग केप्रति आभार व्यक्त किया और पारदर्शिता, समावेशिता और उत्कृष्टता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता की सराहना की। जबकि विश्व सीखने केलिए देख रहा हैकि भारत अभूतपूर्व पैमाने पर चुनाव कराने में नए मानक स्थापित कर रहा है, वास्तव में यह लोकतंत्र का एक सच्चा पर्व है। अंतर्राष्ट्रीय निर्वाचन आगंतुक कार्यक्रम भारत निर्वाचन आयोग की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य चुनाव प्रबंधन निकायों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों केसाथ अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और जुड़ाव को बढ़ावा देना है। यह कार्यक्रम भारत के चुनावी ढांचे, संस्थागत तंत्र और परिचालन संरचना का व्यापक अवलोकन प्रदान करता है, साथही प्रतिनिधियों को चुनाव प्रबंधन की सर्वोत्तम प्रथाओं और नवाचारों से परिचित कराता है।