स्वतंत्र आवाज़
word map

'नोएडा एयरपोर्ट यूपी के विकास की उड़ान का प्रतीक'

प्रधानमंत्री ने भारी जनसमूह के साथ किया अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट का उद्घाटन

'विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत अभियान' में एक नया अध्याय शुरू

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 28 March 2026 06:33:23 PM

prime minister inauguration of phase-i of noida international airport

जेवर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जेवर में भारी जनसमूह केसाथ नोएडा अंतर्राष्ट्रीय विमान पत्तन का उद्घाटन किया। अपनी खुशी और गर्व व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने कहाकि आजसे 'विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत अभियान' में एक नया अध्याय शुरू हो रहा है, भारत का सबसे बड़ा राज्य अब अंतर्राष्ट्रीय विमान पत्तनों की सबसे अधिक संख्या वाले राज्यों में से एक बन गया है। प्रधानमंत्री ने कहाकि उन्हें दोहरी खुशी है पहली-इस विमान पत्तन की नींव रखने और अब इसका उद्घाटन करने पर और दूसरी इस भव्य विमान पत्तन का नाम उत्तर प्रदेश से जुड़ने पर। नरेंद्र मोदी ने कहाकि यह वही राज्य है, जिसने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना और सांसद बनाया और अब इसकी पहचान इस शानदार विमान पत्तन से जुड़ गई है। प्रधानमंत्री ने कहाकि नोएडा विमान पत्तन से आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर और फरीदाबाद सहित विशाल क्षेत्र को लाभ होगा। उन्होंने कहाकि यह विमान पत्तन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों, लघु एवं मध्यम उद्यमों और युवाओं के लिए अनेक नए अवसर लेकर आएगा, यहां से विमान दुनियाभर के लिए उड़ान भरेंगे और विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का प्रतीक बनेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहाकि पश्चिम एशिया में एक महीने से अधिक समय से चल रहे युद्ध के कारण आज पूरा विश्व गहरी चिंता में है, युद्ध के चलते कई देशों में भोजन, पेट्रोल, डीजल, गैस और उर्वरक जैसी आवश्यक वस्तुओं का संकट पैदा हो गया है। उन्होंने जिक्र कियाकि भारत इस युद्धग्रस्त क्षेत्र से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस आयात करता है और जनसमुदाय को आश्वासन दियाकि सरकार यह सुनिश्चित करने केलिए हर संभव कदम उठा रही हैकि इस संकट का बोझ आम परिवारों और किसानों पर न पड़े। प्रधानमंत्री ने कहाकि अकेले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ही हाल के हफ्तों में यह चौथी बड़ी परियोजना है, जिसका या तो उद्घाटन किया गया है या नींव रखी गई है, नोएडा में एक बड़ी सेमीकंडक्टर फैक्ट्री की नींव रखी गई, देश की पहली दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन ने रफ्तार पकड़ी, मेरठ मेट्रो का विस्तार हुआ और आज नोएडा अंतर्राष्ट्रीय विमान पत्तन का उद्घाटन किया गया है। प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के विकास में उल्लेखनीय उपलब्धियों का श्रेय योगी आदित्यनाथ सरकार को दिया। उन्होंने कहाकि सेमीकंडक्टर फैक्ट्री भारत को प्रौद्योगिकी के क्षेत्रमें आत्मनिर्भर बना रही है, मेरठ मेट्रो और नमो भारत रेल तेज और स्मार्ट संपर्क का माध्‍यम बन रही हैं और जेवर विमान पत्तन पूरे उत्तर भारत को विश्व से जोड़ रहा है। नरेंद्र मोदी ने कहाकि नोएडा उत्तर प्रदेश के विकास का एक शक्तिशाली इंजन बन रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विमान पत्तन परियोजना के इतिहास के बारेमें बताते हुए याद दिलायाकि जेवर विमान पत्तन को अटलजी ने 2003 में ही मंजूरी दे दी थी। उन्होंने कहाकि योगी सरकार के गठन के तुरंत बाद इसकी नींव रखी गई, निर्माण कार्य शुरू हुआ और अब इसका परिचालन शुरू हो चुका है। क्षेत्र के एक प्रमुख लॉजिस्टिक्स हब के रूप में उभरती भूमिका की ओर ध्यान दिलाते हुए प्रधानमंत्री ने बतायाकि यह क्षेत्र दो प्रमुख माल ढुलाई गलियारों का केंद्र बन रहा है, ये विशेष रेल पटरियां मालगाड़ियों केलिए बिछाई गई हैं, जिनसे उत्तर भारत का बंगाल और गुजरात के समुद्रों से संपर्क बढ़ा है। उन्होंने कहाकि दादरी वह महत्‍वपूर्ण केंद्र है, जहां ये दोनों गलियारे मिलते हैं, जिसका अर्थ हैकि यहां के किसान जो कुछ भी उगाते हैं और उद्योग जो कुछभी उत्पादित करते हैं, वह अब सड़क और वायु मार्ग से विश्‍व के हर कोने तक तेजी से पहुंच सकता है। प्रधानमंत्री ने कहाकि इस तरह का बहुआयामी संपर्क उत्तर प्रदेश को दुनियाभर के निवेशकों केलिए एक प्रमुख आकर्षण बना रहा है। प्रधानमंत्री ने कहाकि आज नोएडा पूरी दुनिया का स्वागत करने केलिए तैयार है, यह पूरा क्षेत्र आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत कर रहा है। प्रधानमंत्री ने इस परियोजना को साकार करने केलिए अपनी जमीनें देने वाले किसानों केप्रति आभार व्यक्त किया और कहाकि कृषि और खेती इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में बहुत महत्व रखती है। नरेंद्र मोदी ने कहाकि आधुनिक संपर्क के विस्तार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण की संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा और यहां के कृषि उत्पाद अब वैश्विक बाजारों तक अधिक कुशलता से पहुंच सकेंगे।
भारत की कच्चे तेल पर निर्भरता कम करने में गन्ना किसानों के योगदान को स्वीकारते हुए प्रधानमंत्री ने गन्ने से उत्पादित इथेनॉल की महत्वपूर्ण भूमिका के बारेमें बताया। प्रधानमंत्री ने कहाकि इथेनॉल उत्पादन में वृद्धि और पेट्रोल में इसके मिश्रण के बिना भारत को प्रतिवर्ष लगभग साढ़े चार करोड़ बैरल (लगभग 700 करोड़ लीटर) अतिरिक्त कच्चे तेल का आयात करना पड़ता। उन्होंने कहाकि हमारे किसानों की मेहनत ने संकट के इस समय में देश को यह अपार राहत प्रदान की है। प्रधानमंत्री ने कहाकि इथेनॉल से न केवल देश को लाभ हुआ है, बल्कि किसानों को भी बहुत फायदा हुआ है, इससे लगभग 1.5 लाख करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा की बचत हुई है। उन्होंने उन पुराने दिनों को याद किया जब गन्ना किसानों को अपने बकाया केलिए वर्षों इंतजार करना पड़ता था, आज वर्तमान सरकार के प्रयासों के कारण गन्ना किसानों की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। प्रधानमंत्री ने कहाकि विमान पत्तन केवल सुविधाएं नहीं, बल्कि प्रगति में सहायक हैं और भारत के विमानन अवसंरचना के उल्लेखनीय विस्तार की ओर इशारा किया। उन्होंने बतायाकि आज भारत में 160 से अधिक विमान पत्तन हैं और वायु संपर्क अब न केवल महानगरों तक बल्कि छोटे कस्बों तक भी पहुंच रहा है। नरेंद्र मोदी ने कहाकि केंद्र सरकार ने आम भारतीय केलिए हवाई यात्रा को सुलभ बना दिया है और साथही उत्तर प्रदेश में विमान पत्तनों की संख्या बढ़कर सत्रह हो गई है।
उड़ान योजना पर प्रधानमंत्री ने कहाकि सरकार ने लगातार यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया हैकि विमान पत्तनों के निर्माण केसाथ हवाई यात्रा का किराया आम परिवारों की पहुंच में रहे। नरेंद्र मोदी ने उल्लेख कियाकि उड़ान योजना के तहत टिकट बुक करके एक करोड़ साठ लाख से अधिक नागरिकों ने किफायती दरों पर हवाई यात्रा की है। उन्होंने कहाकि हालही में केंद्र सरकार ने लगभग 29000 करोड़ रुपये की मंजूरी केसाथ उड़ान योजना का और विस्तार किया है, जिसके तहत आनेवाले वर्षों में छोटे शहरों में 100 नए विमान पत्तन और 200 नए हेलीपैड बनाए जाएंगे और उत्तर प्रदेश को भी इससे बहुत लाभ होगा। प्रधानमंत्री ने कहाकि नए विमान पत्तनों के निर्माण केसाथ नए विमानों की मांग भी बढ़ रही है और विभिन्न एयरलाइंस सैकड़ों नए विमानों के ऑर्डर दे रही हैं। नरेंद्र मोदी ने कहाकि इससे पायलटों, केबिन क्रू, रखरखाव पेशेवरों सहित युवाओं केलिए अपार अवसर पैदा हो रहे हैं और सरकार इस बढ़ती मांग को पूरा करने केलिए विमानन क्षेत्रमें प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार भी कर रही है। प्रधानमंत्री ने रखरखाव, मरम्मत और नवीनीकरण क्षेत्र की ओर ध्यान दिलाया और बतायाकि 85 प्रतिशत भारतीय विमानों को अभीभी एमआरओ सेवाओं केलिए विदेश भेजना पड़ता है। प्रधानमंत्री ने कहाकि सरकार ने एमआरओ क्षेत्रमें भी भारत को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया है और आज जेवर में एक एमआरओ सुविधा केंद्र की नींव रखी गई है। नरेंद्र मोदी ने घोषणा कीकि तैयार होने पर यह केंद्र भारत और विदेश के विमानों को सेवाएं प्रदान करेगा, जिससे देश को राजस्व प्राप्‍त होगा, हमारा पैसा भारत में ही रहेगा और युवाओं केलिए अनेक रोज़गार सृजित होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेट्रो और वंदे भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाओं के बारेमें कहाकि दिल्ली-मेरठ नमो भारत रेल में ढाई करोड़ से अधिक यात्री यात्रा कर चुके हैं, दिल्ली और मेरठ केबीच की यात्रा, जिसमें पहले घंटों लगते थे, अब मिनटों में पूरी हो जाती है। प्रधानमंत्री ने बतायाकि ग्यारह वर्ष में बुनियादी ढांचे के बजट में छह गुना से अधिक की वृद्धि हुई है। प्रधानमंत्री ने बतायाकि पहलीबार कश्मीर घाटी और पूर्वोत्तर राज्यों की राजधानियों को रेल नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है, जबकि पिछले एक दशक में पत्तनों की क्षमता दोगुनी से अधिक हो गई है और अंतर्देशीय जलमार्गों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वैश्विक चुनौतियों के सामने सामूहिक प्रयास और राष्ट्रीय एकता का आह्वान करते हुए प्रधानमंत्री ने कहाकि उन्होंने संसद में विस्तार से बात की है और मुख्यमंत्रियों केसाथ मौजूदा संघर्ष से उत्पन्न संकट से निपटने केबारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने जनता से इस संकट का सामना शांत मन और धैर्य से करने की अपील की और इसे भारतीयों की सबसे बड़ी ताकत बताया। प्रधानमंत्री ने दोहरायाकि जो भारतीयों और भारत के हित में है, वही भारत सरकार की नीति और रणनीति है। नरेंद्र मोदी ने विश्वास व्यक्त कियाकि सभी राजनीतिक दल देश के एकजुट प्रयासों को मजबूती प्रदान करेंगे। इस अवसर पर उत्तरप्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू, उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी, ज्यूरिक एयरपोर्ट के चेयरमैन जोसेफ फेल्डर, मंत्रिगण, सांसद, विधायक और महानुभाव उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]