संसदीय आदान प्रदान से भारत साइप्रस के मैत्रीपूर्ण संबंध और समृद्ध
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिला साइप्रस का संसदीय प्रतिनिधिमंडलस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Thursday 27 November 2025 02:41:20 PM
नई दिल्ली। साइप्रस के प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष अनिता डेमेट्रियू और उनके नेतृत्व में आए संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। राष्ट्रपति भवन में अनिता डेमेट्रियौ और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहाकि भारत और साइप्रस लोकतांत्रिक मूल्यों और मज़बूत संसदीय परंपराओं से समृद्ध साझेदार देश हैं। उन्होंने कहाकि भारत, साइप्रस केसाथ अपनी साझेदारी को बड़ा महत्व देता है, यह साझा रणनीतिक दृष्टिकोण और आपसी सम्मान पर आधारित है। राष्ट्रपति ने कहाकि हालके वर्षों में भारत और साइप्रस केबीच राजनीतिक संपर्क, आर्थिक सहयोग, रक्षा साझेदारी और सांस्कृतिक संबंध प्रगाढ़ हुए हैं। उन्होंने कहाकि भारत-साइप्रस आर्थिक संबंधों में विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने संयुक्तराष्ट्र, यूरोपीय संघ और राष्ट्रमंडल सहित बहुपक्षीय मंचों पर दोनों देशों केबीच घनिष्ठ सहयोग की प्रशंसा भी की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इसबात पर खुशी जताई कि अनीता डेमेट्रियू साइप्रस की प्रतिनिधि सभा की पहली महिला और सबसे युवा अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहाकि यह न केवल साइप्रस की महिलाओं केलिए, बल्कि दुनियाभर की महिलाओं केलिए प्रेरणादायक बात है। राष्ट्रपति ने उन्हें भारत में महिलाओं की बढ़ती लोकतांत्रिक भागीदारी से अवगत कराया। उन्होंने बतायाकि पंचायती राज व्यवस्था में लाखों महिलाएं सक्रिय सार्वजनिक जीवन का हिस्सा बन रही हैं, संसद के निचले सदन और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं केलिए एक तिहाई आरक्षण सुनिश्चित करने केलिए एक ऐतिहासिक अधिनियम पारित किया गया है। राष्ट्रपति ने आशा व्यक्त कीकि इस यात्रा के दौरान साइप्रस के संसदीय प्रतिनिधिमंडल को भारत के लोकतंत्र और संसदीय कार्यप्रणाली केबारे में जानकारी प्राप्त होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त कियाकि इस तरह के संसदीय आदान-प्रदान से भारत और साइप्रस केबीच मैत्रीपूर्ण संबंध और मज़बूत होंगे।