स्वतंत्र आवाज़
word map

यूपीपीटीसीएल को देश के ऊर्जा क्षेत्र में प्रथम स्थान

'ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर और अग्रणी राज्य का मोदी और योगी को श्रेय'

अद्वितीय उपलब्धियों की बदौलत यूपी को देश में प्रथम स्थान-एके शर्मा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 8 September 2025 03:53:12 PM

ak sharma (file photo)

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा विभाग को एक बड़ी ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त हुई है। पावरजेन इंडिया के राष्ट्रीय सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीटीसीएल) को अपनी उत्कृष्ट कार्यकुशलता केलिए देश में प्रथम स्थान के रूपमें ‘ट्रांसमिशन कंपनी ऑफ द ईयर-स्टेट ट्रांसमिशन अवार्ड-2025’ दिया गया है। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने इसपर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा हैकि यह प्रतिष्ठित सम्मान कई अद्वितीय उपलब्धियों की बदौलत मिला है, जिनमें शामिल हैं-देश में सर्वाधिक विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना, 30618 मेगावाट की पीक डिमांड को समय पर उपलब्ध कराना, 55051 सर्किट किलोमीटर का सबसे बड़ा ट्रांसमिशन नेटवर्क विकसित और संचालित करना, 681 सब स्टेशनों के माध्यम से 169074 एमवीए की उच्चतम ट्रांसमिशन क्षमता उपलब्ध कराना, मात्र एक वर्ष में 13 नए सबस्टेशन स्थापित करना, 1263 सर्किट किलोमीटर नई ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण और 91 बड़े उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धिकर विद्युत आपूर्ति को और ज्यादा सशक्त बनाना। एके शर्मा ने कहाकि इन उपलब्धियों के कारण उत्तर प्रदेश ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन आज देश की सबसे बड़ी और सर्वश्रेष्ठ ट्रांसमिशन कंपनी है।
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में ऊर्जा विभाग ने उत्तर प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य किया है, जिसके परिणामस्वरूप यूपीपीटीसीएल को यह राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है। उन्होंने प्रदेश के ऊर्जा अधिकारियों, अभियंताओं और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहाकि भविष्य में भी प्रदेशवासियों को निरंतर, गुणवत्तापूर्ण और सस्ती विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी। उन्होंने कहाकि इस सम्मान ने न केवल उत्तर प्रदेश की साख को पूरे देश में ऊंचा किया है, बल्कि यह भी सिद्ध कर दिया हैकि उत्तर प्रदेश अब ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर और अग्रणी राज्य बन चुका है। ऊर्जा मंत्री ने कहाकि यह उपलब्धि प्रदेश के तेज़ीसे विकसित होते औद्योगिक और शहरी ढांचे को सशक्त आधार प्रदान करेगी तथा ऊर्जा उपभोक्ताओं के विश्वास को और ज्यादा बढ़ाएगी। उन्होंने कहाकि यह अवार्ड विकसित भारत विजन को सशक्त ट्रांसमिशन बैकबोन प्रदान करने में यूपीपीटीसीएल की भूमिका को रेखांकित करता है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]