स्वतंत्र आवाज़
word map

अयोध्या से योगी का वृक्षारोपण महाभियान

वृक्षारोपण महाभियान पर प्रदेशभर में हुए 37 करोड़ पौधे रोपित

जन-जन से आह्वान पेड़ लगाएं, स्वस्थ व स्वच्छ पर्यावरण बनाएं!

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 9 July 2025 04:39:55 PM

yogi's tree plantation campaign from ayodhya

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री अयोध्या धाम में 'वृक्षारोपण महाभियान-2025' का पौधरोपण और जनसभा से शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केसाथ 26 राजकीय विभाग एवं 25 करोड़ नागरिकों की एकसाथ सहभागिता से एक ही दिन में 37 करोड़ पौधे रोपे जाएंगे। मुख्यमंत्री ने अपील कीकि वृक्षारोपण महाभियान में पौधरोपण जरूर करें और ‘एक पेड़ मां के नाम’ रोपित और पोषित करें। इस अवसर पर अयोध्या के महापौर, जनप्रतिनिधियों और साधु-संतों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। इसी केसाथ प्रदेशभर में वृक्षारोपण का महाअभियान शुरू हो गया है। योगी आदित्यनाथ ने श्रीहनुमान गढ़ी में हनुमान जी एवं श्रीराम मंदिर में श्रीरामलला के दर्शन-पूजनकर नागरिकों के सुखमय एवं मंगलमय जीवन की कामना भी की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से बीते 8 वर्ष में 'नए उत्तर प्रदेश' ने धरती माता केप्रति अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन करने केलिए जिस महाभियान को आगे बढ़ाया था, आज उसी क्रम में प्रभु श्रीराम की पावन जन्मभूमि श्रीअयोध्या धाम में 'एक पेड़ माँ के नाम 2.0' वृक्षारोपण महाभियान के अंतर्गत पौध रोपित किया। उन्होंने कहाकि वृक्षारोपण महाभियान वर्तमान को संवारने और भविष्य को बचाने का एक अभियान है और जो प्रदेशभर में जनसहभागिता से वृहद स्तरपर निरंतर संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहाकि वृक्षारोपण अभियान के जरिए विगत 8 वर्ष में लगभग 205 करोड़ पौधरोपण कराया गया है, इसके फलस्वरूप पर्यावरण संरक्षण के सार्थक परिणाम भी सामने आए हैं, प्रदेश में वन आच्छादन और हरित आवरण में वृद्धि दर्ज हुई है। उन्होंने कहाकि इसवर्ष भी वृक्षारोपण महाभियान-2025 के अंतर्गत 37 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समस्त प्रदेशवासियों से अपील हैकि वे भी इस पावन अभियान का हिस्सा बनें और अपने-अपने घरों में एक पौधा लगाकर धरती माता एवं स्वयं की माँ केप्रति कृतज्ञता ज्ञापित करें। उन्होंने कहाकि उत्तर प्रदेश में 5 लाख एकड़ क्षेत्रफल में वनाच्छादन बढ़ा है, अब हम 'हीट वेव' से 'ग्रीन वेव' की तरफ बढ़ चुके हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहाकि 25 करोड़ नागरिकों की सहभागिता से सुबह 11 बजे तक 12,80,34,096 से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने उल्लेख कियाकि 'नए भारत' के 'नए उत्तर प्रदेश' में थीमैटिक पौधरोपण अभियान से मित्रवन, मियावाकी वन, सौमित्र वन, शक्ति वन, आयुष वन, पंचवटी एवं नवगृह वाटिका स्थापित हुई हैं। उन्होंने वृक्षारोपण महाभियान की सफलता केलिए शुभकामनाएं दीं और जन-जन से आह्वान कियाकि पेड़ लगाएं, स्वस्थ-स्वच्छ पर्यावरण बनाएं!

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]