स्वतंत्र आवाज़
word map

काशी में एससीओ पर्यटन प्रशासन प्रमुखों की बैठक

एससीओ की पहली पर्यटन और सांस्कृतिक राजधानी घोषित हुई 'काशी'

पर्यटन सहयोग पर एससीओ देशों की सरकारों की संयुक्त कार्य योजना

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 18 March 2023 04:52:17 PM

meeting of the heads of sco tourism administrations

वाराणसी। केंद्रीय पर्यटन, संस्कृति और पूर्वोत्‍तर क्षेत्र विकास मंत्री जी किशन रेड्डी ने काशी में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) पर्यटन प्रशासन के प्रमुखों की बैठक की अध्यक्षता की। गौरतलब हैकि काशी को एससीओ की पहली पर्यटन और सांस्कृतिक राजधानी के रूपमें घोषित किया गया है। यह मान्यता शहर को वैश्विक पर्यटन मानचित्र में अधिक प्रमुखता प्रदान करेगी। यह पहल काशी की आध्यात्मिकता, रहस्यवाद, शिक्षा को उजागर करके अधिक ध्यान आकर्षित करेगी, जो भारतीय सभ्यता का पालना भी है। एससीओ के पर्यटन मंत्रियों ने पर्यटन में सहयोग बढ़ाने पर एससीओ सदस्य देशों की सरकारों केबीच समझौते को लागू करने केलिए तैयार कीगई संयुक्त कार्य योजना को मंजूरी दी।
पर्यटन सहयोग को बढ़ाने केलिए कार्ययोजना में एससीओ पर्यटन ब्रांड का प्रचार, पर्यटन में एससीओ सदस्य देशों की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना, पर्यटन में सूचना और डिजिटल प्रौद्योगिकियों को साझा करना तथा आदान-प्रदान करना, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य पर्यटन में आपसी सहयोग बढ़ाना और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करना प्राथमिकता वाले घटक हैं। एससीओ सदस्य देश संयुक्त कार्ययोजना के अनुसार एससीओ पर्यटन प्रदर्शनी, एससीओ फूड फेस्टिवल, पर्यटन पर वेबिनार और संगोष्ठी, क्षेत्र में पर्यटन के प्रचार एवं विकास पर सम्मेलन और विशेषज्ञ सत्र जैसे विभिन्न कार्यक्रम करेंगे। बैठक में ईयर ऑफ टूरिज्‍म डेवलपमेंट इन द एससीओ स्‍पेस इन-2023 केलिए कार्ययोजना कोभी अपनाया गया, जिसने एससीओ सदस्य देशों के पर्यटन उत्पादों को बढ़ावा देने और प्रदर्शित करने केलिए कार्यों और कार्यक्रमों की एक सूची तैयार की।
एससीओ पर्यटन प्रशासन प्रमुखों की बैठक में कजाकिस्तान के संस्कृति और खेल उपमंत्री येरज़ान येरकिनबायेव, चीन के संस्कृति और पर्यटन उपमंत्री लू यिंग चुआन, किर्गिज़ के संस्कृति सूचना खेल एवं युवा नीति उपमंत्री सामत बेक्तुरोविच शतमानोव और उज़्बेकिस्तान के संस्कृति एवं पर्यटन उपमंत्री आज़मोव उलुगबेक एक्समातोविच ने व्यक्तिगत रूपसे भाग लिया। रूस के आर्थिक विकास उपमंत्री व्लादिमीर एवगेनविच इलिचेव, ताजिकिस्तान की पर्यटन विकास समिति के अध्यक्ष मुमिनजोद कमोलिद्दीन तथा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के पर्यटन एवं खेल सलाहकार औन चौधरी ऑनलाइन जुड़े। बैठक में एससीओ सदस्य देशों के पर्यटन विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों, शंघाई सहयोग संगठन के सचिवालय, पर्यटन और विदेश मंत्रालय भारत सरकार के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। ज्ञातव्य हैकि शंघाई सहयोग संगठन 15 जून 2001 को शंघाई में स्थापित एक स्‍थायी अंतर सरकारी संगठन है। एससीओ में वर्तमान में आठ सदस्य देश चीन, भारत, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, रूस, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]