स्वतंत्र आवाज़
word map

हमें जनजातीय संस्कृति पर गर्व है-उपराष्ट्रपति

नागा विरासत गांव किसामा में किया हॉर्नबिल महोत्सव शुभारंभ

उपराष्ट्रपति ने की नागाओं के गौरवशाली इतिहास की प्रशंसा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 2 December 2022 11:32:54 AM

jagdeep dhankhar, hornbill festival at naga heritage village kisama

कोहिमा। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने नागालैंड की राजधानी कोहिमा के निकट नागा विरासत गांव किसामा में हॉर्नबिल महोत्सव के 23वें संस्करण का उद्घाटन किया। उन्होंने नागालैंड के राज्यपाल और मुख्यमंत्री केसाथ महोत्सवों के समारोह की शुरुआत की घोषणा करने केलिए घंटा बजाकर इसका उद्घाटन किया। उपराष्ट्रपति के रूपमें जगदीप धनखड़ पहलीबार नागालैंड आए थे, उनको उद्घाटन समारोह में पारंपरिक नागा टोपी सिफी और नागा शॉल अमुला कक्सा देकर सम्मानित किया गया। गौरतलब हैकि नागालैंड की स्थापना 1 दिसंबर 1963 को भारत के 16वें राज्य के रूपमें हुई थी। नागालैंड में कुल 16 जनजातियां निवास करती हैं, प्रत्येक जनजाति अपने विशिष्ट रीति-रिवाजों, भाषा और पोशाक के कारण दूसरी से भिन्न है। यह राज्य वनस्पतियों और जीवों की समृद्ध विविधता का घर है।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने समारोह को संबोधित करते हुए कहाकि भारत देश संस्कृति की भूमि है और भारतीयों को अपनी जनजातीय संस्कृति पर गर्व है। उपराष्ट्रपति ने नागाओं की अनूठी संस्कृति और गौरवशाली इतिहास की प्रशंसा की। उन्होंने कहाकि मैं जनजातीय संस्कृति को नमन करता हूं और जनजातीय ऊर्जा का अभिवादन करता हूं। उन्होंने राज्य के प्राकृतिक सौंदर्य को मनमोहक बताते हुए इसे रेखांकित किया और कहाकि नागालैंड में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिनका पूरा दोहन करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहाकि नागा हेरिटेज विलेज में नागालैंड के लोगों की असाधारण सांस्कृतिक परंपराओं को देखना एक करामाती अनुभव था, यह स्थान सही मायने में 'विंडो टू नागालैंड' है, जो इसकी जीवंत संस्कृति और अद्वितीय इतिहास को प्रदर्शित करता है।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहाकि महिलाओं के खिलाफ सबसे कम अपराध दर का श्रेय नागालैंड को है, महिला सशक्तिकरण में राज्य रास्ता दिखा रहा है। उन्होंने इस अवसर पर यह भी कहाकि भारत ने जी-20 समूह की अध्यक्षता ग्रहण करली है और अगले वर्ष अप्रैल में नागालैंड में जी-20 की बैठक होनेपर दुनिया नागा आतिथ्यभाव का भी अनुभव कर सकेगी। जगदीप धनखड़ ने हॉर्नबिल महोत्सव के उपलक्ष्य में एक डाक टिकट जारी किया। जगदीप धनखड़ ने हॉर्नबिल महोत्सव के उद्घाटन केबाद नागा विरासत गांव किसामा में आर्ट गैलरी और मोरंग्स का दौरा किया। इससे पहले उपराष्ट्रपति ने कोहिमा के राजभवन में नागालैंड के राज्यपाल प्रोफेसर जगदीश मुखी, मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो, उपमुख्यमंत्री वाई पैटन और मंत्रिपरिषद से मुलाकात की।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]