स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत सभी खतरों से निपटने में सक्षम-रक्षामंत्री

उदयपुर में किया वीर माता पन्ना धाय की प्रतिमा का अनावरण

'भारतीय इतिहास में पन्ना धाय का त्याग व बलिदान बेमिसाल'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 31 August 2022 01:03:42 PM

panna dhai's statue unveiled in udaipur

उदयपुर। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा हैकि भारत एक मजबूत, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर राष्ट्र में बदल गया है, जो सभी प्रकार के खतरों और चुनौतियों से निपटने केलिए पूरी तरह से सक्षम है। रक्षामंत्री ने कहाकि नरेंद्र मोदी सरकार ने देशवासियों और देश के सशस्त्रबलों में गज़ब का विश्वास जगाया है। उन्होंने राष्ट्र को आश्वासन दियाकि भारत विरोधी तत्वों से निपटने केलिए सशस्त्र बलों को पूरी तत्परता केसाथ तैनात किया गया है। उन्होंने कहाकि भारत ने कभी किसी देशपर हमला नहीं किया है, न ही उसने किसी की एक इंच भूमि पर कब्जा किया है, लेकिन अगर कोई राष्ट्र हमारी संप्रभुता, एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करता है तो उसको मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। रक्षामंत्री ने कहाकि हमारे सशस्त्रबलों ने 2016 में जब सर्जिकल स्ट्राइक और 2019 में बालाकोट हवाई हमले किए तो हमने आतंकवाद पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया, जो इस बात का सबूत थाकि भारत की सैन्यशक्ति किसीभी देशसे कम नहीं है।
रक्षामंत्री ने कहाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'आत्मनिर्भर भारत' की नींव रखी गई और मजबूत तथा आत्मनिर्भर 'न्यू इंडिया' शक्तिशाली देशों केसाथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने रक्षा मंत्रालय के रक्षा में 'आत्मनिर्भर भारत' को बढ़ावा देने केलिए उठाए गए कदमों को सूचीबद्ध किया, जिसमें 310 वस्तुओं की तीन सकारात्मक स्वदेशीकरण सूची जारी करना और केंद्रीय बजट 2022-23 में घरेलू उद्योग केलिए पूंजी खरीद बजट का 68 प्रतिशत निर्धारित करना शामिल है। रक्षामंत्री ने कहाकि देशके घरेलू रक्षा उद्योग को मजबूत करने केलिए 'मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड' विजन से विदेशी कंपनियों को भारत में प्रोत्साहित किया जा रहा है। राजनाथ सिंह ने भारत न केवल अपनी जरूरतों को पूरा कर रहा है, बल्कि अन्य देशों की जरूरतों कोभी पूरा कर रहा है। उन्होंने इस तथ्य की सराहना कीकि आठ साल पहले रक्षा निर्यात, जो लगभग 900 करोड़ रुपये था, अब बढ़कर लगभग 13,000 करोड़ रुपये हो गया है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहाकि 2047 तक 2.75 लाख करोड़ रुपये के रक्षा निर्यात का लक्ष्य रखा गया है और भारत इस लक्ष्य को हासिल करने की दिशामें आगे बढ़ रहा है। रक्षामंत्री ने न केवल देशके भीतर, बल्कि दुनिया के अन्य हिस्सों में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने केलिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। रक्षामंत्री ने कहाकि रूस केसाथ मौजूदा स्थिति केबीच यूक्रेन से भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रत्येक भारतीय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के संकल्प का प्रमाण है। रक्षामंत्री ने उदयपुर में 16वीं शताब्दी के भारतीय शासक संग्राम सिंह प्रथम के चौथे पुत्र उदय सिंह द्वितीय की नर्स वीर माता पन्ना धाय की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने इस अवसर पर कहाकि वीर माता पन्ना धाय की गाथा भारतीय इतिहास में सर्वोच्च बलिदान की एक अनोखी गाथा है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
रक्षामंत्री ने कहाकि वीर माता पन्ना धाय ने अपने पुत्र का बलिदान देकर माता के सम्मान को और बढ़ाया है। उन्होंने लोगों से पन्ना धाय से प्रेरणा लेने और राष्ट्रनिर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहाकि पन्ना धाय केवल गुर्जर समाज की ही माता नहीं थीं, बल्कि देशके लिए उनका सम्मान एक माता सरीखा है। उन्होंने कहाकि वीर माता पन्ना धाय भारतीय इतिहास में त्याग और बलिदान का बेमिसाल उदाहरण हैं। राजनाथ सिंह ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मेवाड़ और देशहित में महाराणा प्रताप के पिता उदय सिंह द्वितीय की रक्षा केलिए अपने पुत्र का बलिदान करने वाली पन्ना धाय की बहादुरी की सराहना की। गौरतलब हैकि उदय सिंह द्वितीय राणा सांगा के नाम से प्रसिद्ध हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]