स्वतंत्र आवाज़
word map

भाजपा ने जाट को सौंपी यूपी की कमान!

भूपेंद्र चौधरी को अध्यक्ष बनाकर पश्चिम यूपी को साधा

यूपी में 2024 के चुनाव के जातीय समीकरण सुनिश्चित

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 25 August 2022 05:56:09 PM

bhupendra choudhary new president of bjp up (file photo)

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने आज उत्तर प्रदेश में 2024 लोकसभा चुनाव के राजनीतिक और जातीय समीकरण सुनिश्चित करते हुए पंचायत राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी को भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया। भूपेंद्र चौधरी पश्चिम उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के महेंद्री सिंकदरपुर गांव के रहने वाले हैं, जाट और किसान हैं। वे मुख्यत: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से हैं और अपने छात्रजीवन से ही संघ से जुड़े रहे हैं। माना जा रहा हैकि भाजपा हाईकमान का यह दांव पश्चिम उत्तर प्रदेश के जाटों का अवश्यमेव और भी ज्यादा विश्वास अर्जित करेगा। भाजपा ने दूसरीबार पश्चिम उत्तर प्रदेश से अपना प्रदेश अध्यक्ष बनाया है, इनसे पहले मेरठ के लक्ष्मीकांत वाजपेयी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनाए जा चुके हैं। किसान आंदोलन के कारण पश्चिम उत्तर प्रदेश भाजपा केलिए चुनौती बना हुआ है, भूपेंद्र सिंह को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से रालोद के अध्यक्ष जयंत चौधरी और किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत जैसे लोगों को तगड़ी चुनौती मिल गई है।
भूपेंद्र चौधरी सहज स्वभाव के और एक मिलनसार राजनेता माने जाते हैं। वे खासतौर से पश्चिम उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन के प्रमुख नेता हैं। उनका जाटलैंड पर उल्लेखनीय प्रभाव माना जाता है। भूपेंद्र चौधरी ने उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का स्थान लिया है, जो योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में सिंचाई मंत्री हैं। भूपेंद्र चौधरी ने उन्हें भाजपा उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष बनाए जानेपर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के केंद्रीय शीर्ष नेताओं का भी आभार जताया है। भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होजाने के बाद उन्होंने कहाकि भाजपा उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी सीटें जीतेगी। भूपेंद्र चौधरी को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, लोकनिर्माण मंत्री जतिन प्रसाद और बीजेपी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बधाई दी है।
भूपेंद्र चौधरी ने संघ और भाजपा के जमीनी कार्यकर्ता के रूपमें अपना राजनीतिक सफर शुरू किया। वे वर्ष 1989 में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े, 1990 में मुरादाबाद में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष, 1994 में भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद के कोषाध्यक्ष, 1995 में भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद के महामंत्री, 1996 से 2000 जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद, 1999 संभल से भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी रहे, 2000-2007 मंडल संयोजक भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद रहे, 2007-2011 भारतीय जनता पार्टी क्षेत्रीय मंत्री पश्चिम उत्तर प्रदेश रहे, 2011-2018 भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष रहे और 2016 विधान परिषद सदस्य बनाए गए। भूपेंद्र चौधरी 2017 राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार पंचायतीराज एवं लोकनिर्माण विभाग रहे और 2019 में पंचायती राज विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं पुन: 25 मार्च 2022 कैबिनेट मंत्री पंचायती राज विभाग बनाए गए और अब राजनीतिक कद बढ़ाते हुए उन्हें भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया है। राजनीतिक विश्लेषक भी इसे लोकसभा चुनाव की दृष्टि से पश्चिम उत्तर प्रदेश में भाजपा की असरदार जातीय रणनीति मान रहे हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]