स्वतंत्र आवाज़
word map

कारगिल युद्ध में विजय के 23 वर्ष पूरे हुए

दिल्‍ली से युद्ध स्मारक द्रास तक मोटरबाइक अभियान शुरू

थलसेना उपाध्यक्ष बीएस राजू ने अभियान को झंडी दिखाई

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 18 July 2022 03:57:46 PM

lt gen bs raju flagged off motorbike campaign starts from delhi to war memorial dras

नई दिल्‍ली। भारतीय सेना के वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में पाकिस्तान पर विजय के 23 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्‍य में और आजादी के अमृत महोत्सव के तहत समारोह मनाने केलिए भारतीय सेना ने नई दिल्‍ली से कारगिल युद्ध स्मारक द्रास लद्दाख तक एक मोटरसाइकिल अभियान का आयोजन किया है। थलसेना उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल बीएस राजू ने आज राष्ट्रीय युद्ध स्मारक नई दिल्ली से 30 सदस्यों के मोटरसाइकिल अभियान को झंडी दिखाकर रवाना किया। थलसेना उपाध्यक्ष ने कहाकि अगले छह दिन में इस ड्रीम अभियान को शुरू करने वाले 30 सेवारत सेनाकर्मियों का यह दल भारतीय सेना के धैर्य, रोमांच और साहस की भावना को फिरसे जागृत करके कारगिल के बहादुरों की अदम्य साहस को दोहराने का प्रयास करेगा।
थलसेना उपाध्यक्ष ने कहाकि यह बाइक रैली 26 जुलाई 2022 को कारगिल युद्ध स्मारक द्रास में इस अभियान के समापन से पूर्व हरियाणा, पंजाब, जम्मू और कश्मीर एवं लद्दाख से होकर गुजरेगी। उन्होंने बतायाकि अधिक से अधिक क्षेत्रों को कवर करने केलिए इस रैली को दो दलों में बांटा गया है, जो दो विभिन्‍न अक्षों-जोजिला दर्रा अक्ष और रोहतांग दर्रा अक्ष से गुजरते हुए क्रमशः 1400 किलोमीटर और 1700 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। उन्होंने बतायाकि इस रैली के दौरान यह दल मार्ग के दूरदराज के इलाकों तक पहुंचने के प्रयास के साथ ऊंचे पहाड़ी दर्रों और कठिन मार्गों से गुजरेगा। थलसेना उपाध्यक्ष ने कहाकि इसका उद्देश्य राष्ट्र की सेवा में तैनात हमारे बहादुर सैनिकों के प्रदर्शित धैर्य और दृढ़ संकल्प को उजागर करते हुए देशभक्ति के संदेश का प्रचार और प्रसार करना है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]