स्वतंत्र आवाज़
word map

मुंबई हज हाउस में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

हज यात्रियों के स्वास्थ्य और स्वच्छता पर केंद्रित हज 2022 योजना

अल्पसंख्यक कार्यमंत्री ने की प्रशिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 9 January 2022 02:13:12 PM

instructor training program started at mumbai haj house

मुंबई। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्यमंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी ने मुंबई हज हाउस में हज-2022 केलिए दो दिवसीय प्रशिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया, जिसमें विभिन्न राज्यों के 550 प्रशिक्षक वर्चुअल और वास्तविक माध्यम से भाग ले रहे हैं। कोविड-19 महामारी की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वास्थ्य और स्वच्छता पर केंद्रित है। भारतीय हज समिति, सऊदी अरब साम्राज्य का शाही वाणिज्य दूतावास, मुंबई नगरनिगम, सीमा शुल्क व आप्रवासन, एयरलाइंस के अधिकारी और डॉक्टर हज के दौरान 'क्या करें और क्या न करें' केबारे में प्रशिक्षित करेंगे। इसमें परिवहन, सऊदी अरब में आवास और सऊदी अरब के कानूनों केबारे में जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके बाद प्रशिक्ष्ण प्राप्त प्रशिक्षक देशभर में विभिन्न प्रशिक्षण शिविरों में हज यात्रियों को प्रशिक्षित करेंगे। मुख्तार अब्बास नक़वी ने कहाकि हज 2022 योजना हज यात्रियों के स्वास्थ्य और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बनाई गई है।
अल्पसंख्यक कार्य मंत्री ने कहाकि कोविड-19 महामारी को देखते हुए हज 2022 केलिए आवेदन डिजिटल माध्यम से प्राप्त किए जाएंगे, डिजिटल आवेदन, प्रक्रिया को पारदर्शी, सुलभ, किफायती और सुविधाजनक भी बनाएगा। उन्होंने कहाकि हज 2022 केलिए हज यात्रियों का चयन भारत सरकार और सऊदी अरब सरकार के निर्धारित दिशा-निर्देशों और मानदंडों को ध्यान में रखते हुए पूर्ण टीकाकरण होने के आधार पर किया जाएगा। हज 2022 केलिए अबतक 51,000 से अधिक लोगों ने आवेदन किया है, इसमें 1,000 से अधिक महिलाएं शामिल हैं, जिन्होंने बिना मेहरम श्रेणी के अंतर्गत आवेदन किया है। मुख्तार अब्बास नक़वी ने कहाकि लोग हज केलिए ऑनलाइन और हज मोबाइल ऐप के से भी आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहाकि हज मोबाइल ऐप को हज ऐप इन योर हैंड टैगलाइन केसाथ अपग्रेड किया गया है, ऐप में कई नई विशेषताएं शामिल हैं, जिनमें अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न, आवेदन पत्र भरने की जानकारी और आवेदकों को बहुत ही सरल तरीके से फॉर्म भरने की जानकारी देने वाले वीडियो शामिल हैं। उन्होंने बतायाकि हज 2022 के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2022 है।
मुख्तार अब्बास नक़वी ने कहाकि हज 2022 केलिए यात्रा शुरू करने के स्थान 21 से घटाकर 10 कर दिए गए हैं इनमें हैं-अहमदाबाद, बेंगलुरु, कोचीन, दिल्ली, गुवाहाटी, हैदराबाद, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई और श्रीनगर हैं। यात्रा का आरंभिक स्थान अहमदाबाद पूरे गुजरात को कवर करेगा, बेंगलुरु पूरे कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले को कवर करेगा, कोचीन केरल, लक्षद्वीप, पुद्दुचेरी, तमिलनाडु और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह को कवर करेगा, दिल्ली दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, उत्तराखंड, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों को कवर करेगा, गुवाहाटी असम, मेघालय, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और नागालैंड को कवर करेगा। हैदराबाद, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना को कवर करेगा, कोलकाता पश्चिम बंगाल, ओडिशा, त्रिपुरा, झारखंड और बिहार को कवर करेगा, लखनऊ पश्चिमी भागों को छोड़कर उत्तर प्रदेश के सभी हिस्सों को कवर करेगा, मुंबई महाराष्ट्र, गोवा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दमन और दीव, दादरा और नगर हवेली को कवर करेगा और श्रीनगर जम्मू-कश्मीर एवं लेह-लद्दाख-कारगिल को कवर करेगा।
मुख्तार अब्बास नक़वी ने कहाकि भारतीय हज यात्रियों को डिजिटल हेल्थ कार्ड, ई-मसीहा स्वास्थ्य सुविधा, ई-सामान की प्री-टैगिंग और मक्का-मदीना में रहने या परिवहन से संबंधित सभी सूचनाएं मुहैया कराई जाएंगी। हज यात्रियों केलिए कोविड-19 प्रोटोकॉल के संबंध में विशेष प्रशिक्षण की भी व्यवस्था की गई है। मुख्तार अब्बास नक़वी ने बतायाकि 3000 से अधिक महिलाओं ने हज 2020 और हज 2021 के लिए बिना पुरुष साथी श्रेणी के अंतर्गत आवेदन किया था, उनके आवेदन हज 2022 केलिए भी पात्र होंगे, यदि वे हज 2022 करने केलिए जाना चाहते हैं, अन्य महिलाएं भी मेहरम श्रेणी के अंतर्गत हज 2022 केलिए आवेदन कर सकती हैं, बिना मेहरम श्रेणी के अंतर्गत आनेवाली सभी महिलाओं को लॉटरी प्रणाली से छूट दी जाएगी। कार्यक्रम में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव निगार फातिमा, सीजीआई जेद्दा मोहम्मद शाहिद आलम, हज कमेटी ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद याकूब शेखा और विभिन्न अस्पतालों के विशेषज्ञ, एयरलाइंस के वरिष्ठ अधिकारी, सीमा शुल्क एवं बैंकिंग अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]