स्वतंत्र आवाज़
word map

योगी शासन में ब्राह्मणों के खिलाफ अभियान?

राजनीतिक दलों को ब्राह्मणों में आज कस्तूरी नज़र आने लगी!

ब्राह्मण सर्वदा से सलाहकार गुरू और राजनीति का सिरमौर

Friday 14 August 2020 04:57:06 PM

दिनेश शर्मा

दिनेश शर्मा

chanakya

लखनऊ। कैसी विडंबना है कि आज फिर जहां-तहां ब्राह्मणों की प्रचंड ताकत और काबलियत के कसीदे पढ़े जा रहे हैं। राजनीतिक दलों को ब्राह्मणों में कस्तूरी नज़र आने लगी है, उनसे बड़ी सहानुभूति जताकर उन्हें गले लगाया जा रहा है, जबकि ब्राह्मण तो प्राचीनकाल से ही भारत की राजनीति, सत्ता और सामाजिक जीवन का सिरमौर एवं मुख्य कारक है, केवल समय और आवश्यकतानुसार उसके रूप एवं अवसर जरूर अदलते-बदलते रहे हैं। इस सच्चाई से क्या किसी को इंकार है कि भारी प्रतिरोध के बावजूद ब्राह्मण ने हर अवसर पर अपने बुद्धिकौशल का लोहा मनवाया है। सचिव या सलाहकार और गुरू के रूपमें ब्राह्मण की अनुकरणीय भूमिका की क्या किसी के पास कोई काट है? अंग्रेज़ रहे हों या भारतीय समुदाय सभी विभिन्न स्थितियों में ब्राह्मण में अपनी गहरी दिलचस्पी रखते आए हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश में यह क्या हो रहा है? कहने वाले तो कह रहे हैं कि गोरखपुर में क्षत्रियों की जातीय और आध्यात्मिक गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद ब्राह्मणों को 'ठीक' करने निकले हैं? जिनकी कार्यप्रणाली एवं कार्यशैली की दिशा और दशा बिल्कुल साफ दिखाई पड़ रही है।
आखिर क्यों? ब्राह्मण ही सर्वदा से लक्ष्य पर क्यों है? इसके भी कई पक्ष हैं। दरअसल जबतक ब्राह्मण मात्र वेदपाठी और पुरोहित बनकर रहता है, वह सभी के लिए बड़ा ही सम्माननीय पूज्य और देवदूत होता है और जैसे ही वह अपने कौशल से राजनीतिक या सामाजिक जीवन में सक्रिय होता है, उसके प्रतिद्वंद्वियों की नहीं, बल्कि अकारण शत्रुओं की लाइन लग जाती है। इसके बावजूद वह सभी पर भारी रहता है, आगे ही क्यों रहता है, उसका यही आगे हो जाना जल्दी से किसी को नहीं पचता है, उसकी मौजूदगी एक बड़ी चुनौती मान ली जाती है, जिसे 'वर्चस्व' की लड़ाई कहा जाता है, जो आज सर्वत्र दिखाई देती है। देखा गया है कि ब्राह्मण की बौद्धिक शक्तियों और रणनीतियों का सामने आकर नहीं, बल्कि छद्म तरीके से मुकाबला किया जाता है। यह भी सच्चाई हैकि कोई ग़ैर-ब्राह्मण, ब्राह्मण को जमकर गरियाकर, हत्या करके, अपमान करके या उसकी बहु-बेटी या बहन को फंसाकर उठाकर उससे कैसे भी शादी रचाकर, शारीरिक शोषण या बलात्कार करके या चाय का जूंठा प्याला उठवाकर अत्यंत प्रफुल्लित होता है, गौरवांवित होता है। मायावती की तरह ब्राह्मणों को सार्वजनिक मंच से गालियां देकर जनाधार बढ़ाया जाता है तो कोई उसके महत्व का दिखावाभर सम्मान करके अपने लिए सफलताएं अर्जित करता है। अपवाद को छोड़कर हिंदुस्तान के किसी भी राजनीतिक दल या समुदाय या नेता का ब्राह्मण के बिना गुजारा नहीं दिखता है।
उत्तर भारत के संदर्भ में पिछले तीन दशक में जातीय समुदायों, राजनीतिक दलों के नेतृत्व और उनके कतिपय नेताओं में ब्राह्मणों को देश की मुख्यधारा से अलग-थलग करने और उनकी घोर उपेक्षा या विरोध करने के अनेक अपमानजनक प्रयोग देखे गए हैं, इसके बावजूद ब्राह्मण समुदाय राजनीति में नहीं तो सरकारी और गैरसरकारी सेवाओं में आज भी शीर्ष पर बना हुआ है। सामाजिक मामलों के जानकार कहते हैं कि इसीलिए राजनीतिक दलों या समुदायों में अब फिर ब्राह्मण की ओर लौटने और उनके कसीदे पढ़ने की होड़ देखी जा रही है, उनमें कस्तूरी खोजी जा रही है। उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनवाने में ब्राह्मण समुदाय का योगदान किसी से छिपा नहीं है और विरोध या उपेक्षा से कुपित होकर ब्राह्मण अपनी राष्ट्रवादी प्रकृति के कारण जल्दी से भाजपा से अलग होने वाला भी नहीं है, मगर उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के शासन में जो राजनीतिक प्रशासनिक और जातीय वातावरण विकसित हो रहा है, उससे ब्राह्मण सहनशीलता के बावजूद असहज दिख रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर दूसरे ही आरोप लगा रहे हैं कि वे हर जगह ब्राह्मणों को 'हिट' करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश के प्रमुख राजनीतिक दलों सपा, बसपा और कांग्रेस ने ही योगी सरकार में ब्राह्मणों की घोर उपेक्षा एवं उनके उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं और उनसे सहानुभूति दिखाकर उन्हें अपने पक्ष में करने का अभियान चला दिया है। यही नहीं, भाजपा के भीतर भी यह मुद्दा खूब गरमा रहा है एवं इसे लेकर अंदर ही अंदर योगी विरोधी स्वर भी फूट रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पुलिस, प्रशासनिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में ब्राह्मण विरोधी कार्यशैली की सबसे ज्यादा चर्चा और प्रचार भी ये ही राजनीतिक दल कर रहे हैं। अखिलेश यादव, मायावती ने प्रेस कांफ्रेंस करके यहां तक कह डाला है कि राज्य में ब्राह्मणों का उत्पीड़न हो रहा है और वे भगवान परशुराम की मूर्तियां लगवाएंगे। कांग्रेस नेता प्रियंका वॉड्रा गांधी भी यह मुद्दा उठा चुकी हैं। भाजपा हाईकमान को यह सब बातें मालूम नहीं होंगी, यह कोई भी मानने को तैयार नहीं होगा। यह जरूर समझा जा रहा है कि भाजपा योगी आदित्यनाथ के ही नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का अगला विधानसभा ‌चुनाव कराने की तरफ बढ़ती नज़र आ रही है, मगर यह भी कहा जा रहा है कि केवल हिंदुत्व पर मुखर होना और श्रीराम मंदिर निर्माण ही उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार की वापसी की गारंटी नहीं है, बल्कि योगी आदित्यनाथ के सुशासन और सभीको साथ लेकर चलने की भी सबसे ज्यादा जरूरत है, जिसे वह अपनी कार्यशैली से आजतक सिद्ध नहीं कर पाए हैं। उत्तर प्रदेश की राजनीति में उनका ब्राह्मणों से टकराव सुना जाना आज एक बड़ा मुद्दा बन गया है। योगी आदित्यनाथ पर ब्राह्मण विरोधी टैग इसलिए भी जोर पकड़ गया है, क्योंकि राज्य में कुछ ऐसी हत्याएं हुई हैं और हो रही हैं, जिनमें ब्राह्मणों को लक्ष्य बनाया गया है, भले ही उनके कारण जो भी हों। दूसरी बात यह है कि योगी आदित्यनाथ जिस गोरक्षपीठ से आते हैं, वह आध्यात्मिक होने के साथ ही साथ एक प्रमुख जातीय पीठ भी कही जाती है, जिसका महंत या पीठाधीश्वर केवल क्षत्रिय ही होता है और स्वयं योगी आदित्यनाथ इसी परिवेश में योगी, महंत, हिंदुत्व एवं वह भी क्षत्रिय राजनेता के रूपमें ही स्‍थापित हुए हैं, इसीलिए कहा जाता है कि वे मुख्यमंत्री होकर भी आजतक अपनी सोच से बाहर नहीं निकल पाए हैं, जबकि ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ ऐसे लोकापवादों से सर्वथा दूर रहे।
कहा जाता है कि गोरखपुर लोकसभा का उपचुनाव भी भाजपा योगी आदित्यनाथ की ब्राह्मण नीति के कारण हारी थी, क्योंकि वहां भी उनकी प्राथमिकता कुछ और ही थी, यूपी के ही और भी कुछ उपचुनावों में क्या हुआ? देश के कुछ राज्यों में हुए चुनावों में भी उनके प्रचार का भाजपा को कोई खास लाभ नहीं मिला, यह भाजपा भी समझती है। योगी आदित्यनाथ अपने ऊपर लगे इस आरोप से चाहे कितना ही इंकार करें, लेकिन अनेक मामलों में जनसामान्य में उनपर घोर ब्राह्मण विरोधी होने का आरोप स्‍थापित होता जा रहा है। यही बात उनके विरोध में जा रही है, जो भाजपा के लिए अब बड़ी चिंता का विषय बन चुकी है। उत्तर प्रदेश में मौजूदा समय में मुख्यमंत्री की प्रशासनिक विफलताओं के कारण भी और भी दूसरे मुद्दे सर उठाए हुए हैं, जिन्हें विरोधी दल भाजपा के खिलाफ उछाले घूम रहे हैं। ये सभी राजनीतिक दल कह रहे हैं कि स्‍थानीय प्रशासन भी योगी आदित्यनाथ के नियंत्रण से बाहर हो चुका है, पुलिस एवं प्रशासन से भाजपा विधायकों कार्यकर्ताओं से लेकर जनसामान्य तक का टकराव बढ़ता ही जा रहा है, यद्यपि यह भी कहा जाता है कि योगी आदित्यनाथ पर भ्रष्टाचार का कोई व्यक्तिगत आरोप सामने नहीं है, बस यही बात योगी की कुर्सी बचाए हुए है, तथापि इससे भाजपा सरकार की लोकप्रियता में कहीं कोई वृद्धि भी नहीं देखी जा रही है। उत्तर प्रदेश में सपा, बसपा और कांग्रेस ने मौका देखकर ब्राह्मणों की हत्याओं और उनके अपमान की आड़ में भाजपा के भी खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि इन दलों के नेतृत्व ने भी अपने शासनकाल में ब्राह्मणों की कोई कम उपेक्षा नहीं की है, इसलिए इनके भी योगी सरकार में ब्राह्मणों की हत्याओं, उपेक्षा और उत्पीड़न पर बोलने पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव करीब आ रहे हैं, इन राजनीतिक दलों में ब्राह्मणों के राजनीतिक महत्व पर खूब चिंतन हो रहे हैं, बल्कि जिन्हें कल तक मनुवादी कहकर हांसिये पर धकेला गया था, आज उनमें ‘कस्तूरी’ नज़र आने लगी है। विधानसभा चुनाव के लिए ब्राह्मणों का समर्थन पाने के लिए अभी से गठजोड़ की होड़ लग गई है, इसलिए उत्तर प्रदेश का राजनीतिक परिदृश्य बिना चुनाव के ही हाई प्रोफाइल में नज़र आ रहा है। अपने महत्‍व से अभिभूत कुछ ब्राह्मणों का भी ‘राजयोग’ फिर से चमक उठा है। ब्राह्मणों के खिलाफ जातीय नफरत पैदा करके खड़ी हुई बसपा की अध्यक्ष मायावती के लिए आखिर यही ब्राह्मण सत्ता के कारक बन चुके हैं और इन्हीं ब्राह्मणों की उपेक्षा के कारण वे सत्ता से बाहर भी हुईं। मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की सरकारों का भी यही हाल हुआ है। आज ये फिर अपने लिए ब्राह्मण वातावरण बनाकर सत्ता पर कब्जा करने की राजनीति करने निकले हैं। बसपा ने तो ब्राह्मणों के समर्थन के लिए अपने यहां एक कॉडर ही स्थापित किया हुआ है। भाजपा ब्राह्मणों को अपना परंपरागत सहयोगी और समर्थक मानती है, लेकिन अपमानित और उत्पीड़ित होकर ब्राह्मण कबतक भाजपा के साथ रह पाएंगे यह भी एक सवाल खड़ा हो गया है? कांग्रेस ब्राह्मणों को रिझा रही है, मगर उसके पास कोई कद्दावर ब्राह्मण नेता नहीं है। सपा ने अपने को किसी सनातन ब्राह्मण समाज के संगठन से जोड़ा हुआ है, लेकिन सपा की मुस्लिम तुष्‍टिकरण की नीति के कारण ब्राह्मण सपा के साथ काफी असहज है। इस कारण सपा के ब्राह्मणों को जोड़ने के प्रयास संशयात्‍मक दिखाई देते हैं। सपा के लिए नीतिगत रूपसे यह अत्‍यंत विचारणीय विषय है और परशुराम जयंती पर सपा का ब्राह्मण दिखावा यह गारंटी नहीं देता हैकि विधानसभा चुनाव में ब्राह्मण सपा के साथ खड़ा होगा। ऐसे अनेक उदाहरण हैं, जिनमें सपा नेतृत्‍व ने ब्राह्मणों की घोर उपेक्षा की है।
माना जाता है कि समाज में एक तबका ऐसा भी है, जो हमेशा ब्राह्मणों से नफरत और असहज महसूस करता आया है, बल्कि उसका पूरा सामाजिक ताना-बाना और अस्तित्व ही ब्राह्मण विरोध पर टिका है। उत्तर भारत में और विशेष रूपसे यूपी में ब्राह्मण विरोध की कमान कांशीराम और मायावती के हाथ में ही रही है, लेकिन ब्राह्मण का महत्व जानकर आज मायावती के तौर तरीके ही बदल गए हैं। ब्राह्मणों के खिलाफ अकारण आक्रामक संघर्ष का एक इतिहास है। इस विषय पर इतिहासकारों, राजनीतिज्ञों, सामाजिक चिंतकों ने समय-समय पर अपने-अपने नजरिये से खूब लिखा है। वस्तुतः ब्राह्मण हमेशा से अपनी सामाजिक कूटनीतिक राजनीतिक संरचना और उपयोगिता के कारण दूसरों का ध्यान खींचता आया है। उत्तर-दक्षिण भारत में ब्राह्मणों के खिलाफ बड़े-बड़े आंदोलन हुए हैं। इन्हीं में से कईयों ने बाद में ब्राह्मणों का सामाजिक, राजनीतिक और प्रशासनिक महत्व स्वीकार किया और ब्राह्मण विरोधी आंदोलनों से किनारा भी किया है। बसपा अध्यक्ष मायावती के भयानक ब्राह्मण विरोध और अब ब्राह्मण प्रेम से बड़ा ज्वलंत उदाहरण और क्या होगा? ब्राह्मणों के लिए सपा का लोक दिखावा सबके सामने है ही। ब्राह्मणों के आलोचक ब्राह्मणों के गुणों की आदर्श व्याख्याएं भी करते आए हैं। अतीत में देखें तो उत्तर-दक्षिण भारत में जातिभेद का पहला शिकार ब्राह्मण ही हुआ है और आज तक यह सिद्ध नहीं किया जा सका है कि ब्राह्मण ही रंगभेद या अन्य तरीके से पक्षपात या दूसरों पर अत्याचार के लिए दोषी हैं।
लंबे विरोध के बाद ब्राह्मण विरोधी ताकतों में उनके लिए सकारात्मक परिवर्तन आया है। सारे ही राजनीतिक दलों में ब्राह्मणों का विरोध करते-करते अचानक उनका समर्थन हासिल करने या उन्हें चुनाव लड़ाने की हवा सी चल पड़ी है। ब्राह्मणों पर भाषणों की भाषा ही बदल गई है। राजनीतिक टीकाकारों का अभिमत है कि इसके बावजूद ब्राह्मण न तो मायावती की नीतियों का आंख मूंदकर समर्थन कर सकता है और ना अखिलेश यादव के साथ आंख मूंदकर चल सकता है। देश में जातीय राजनीति को लेकर भारी राजनीतिक उथल-पुथल है और उत्तर प्रदेश में मौजूदा राजनीतिक हालात जिस तरफ जा रहे हैं, उनकी असली परीक्षा आगामी विधानसभा चुनाव में हो ही जाएगी। बहरहाल ब्राह्मणों को लेकर योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार के बारे में जैसा कहा जा रहा है, यदि वह सच है तो यह भी एक सच ही है कि ब्राह्मण का भी कोई विकल्प नहीं दे पाया है। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार में ब्राह्मणों की उपेक्षा का आरोप भाजपा के लिए एक राजनीतिक समस्या की ओर बढ़ रहा है, क्योंकि भाजपा ब्राह्मण विरोधी आरोप को ओढ़कर नहीं चल सकती। राज्य सरकार के कुछ शीर्ष प्रशासनिक पदों पर ब्राह्मणों को पदस्‍थापित करने से भी यह विवाद क्यों है, यह प्रश्न भाजपा हाईकमान तक के विचार में बताया जाता है और देखना है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा किस प्रकार ब्राह्मणों की नाराज़गी दूर करती है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]