स्वतंत्र आवाज़
word map

कांग्रेस, सपा, बसपा एक ही थैली-शाही

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 02 April 2013 06:33:11 AM

surya pratap shahi

देवरिया। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने चार दिन से चल रही अटल सुशासन यात्रा के समापन पर उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए कांग्रेस, सपा, बसपा को एक ही थैली का चट्टा-बट्टा बताया। शाही ने रामपुर गौनोरिया में कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार एक तरफ रोज डीजल, पेट्रोल एवं गैस के दामों को बढ़ा रही है, जिससे चहुंओर मंहगाई बढ़ रही है तो दूसरी तरफ भ्रष्टाचार कर देश का खजाना खाली कर रही है। किसानों के ऋण माफी की घोषणा भी हवा हवाई घोषित हुई है।
प्रदेश की सरकार अराजक तत्वों के हाथ गिरवी हो गई है। हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार जैसी घटनाओं की बाढ़ सी लग गई है। युवा मुख्यमंत्री दिग्भ्रमित दिखाई पड़ रहे हैं, जनता का ध्यान समस्याओं से हटाने के लिए मुलायम-बेनी आपसी सामंजस्य से असंसदीय भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। शाही ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस, सपा-बसपा आपस में लड़कर जनता को बरगला रहे है, वहीं केंद्र की यूपीए सरकार सपा-बसपा के सहारे चल रही है। जनता इन तीनों की नूराकुश्ती को समझ रही है, देश में सुशासन लाने के लिए आगामी लोकसभा के चुनाव में भाजपा की तरफ आशाभरी निगाहों से देख रही है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]