स्वतंत्र आवाज़
word map

राष्ट्रीय एकता यात्रा पर दिल्ली आए मणिपुर के छात्र

गृह राज्यमंत्री ने सीमा सुरक्षा में असम राइफल्स का समर्पण सराहा

'पूर्वोत्तर का देश की रक्षा और निर्माण में अनुकरणीय योगदान'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 14 November 2019 05:37:24 PM

students of manipur came to delhi on national unity visit

नई दिल्ली। असम राइफल्स ने राष्ट्रीय एकता यात्रा के अंतर्गत मणिपुर के कुम्बी जिला विष्णुपुर छात्रों के लिए 8 से 28 नवंबर तक दिल्ली और आगरा भ्रमण का आयोजन किया है। इस 24 सदस्यों वाले दल में छात्र, शिक्षण स्टाफ और असम राइफल्स के अधिकारी शामिल हैं। इन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय से मुलाकात की। यात्रा का उद्देश्य भारत की समृद्ध संस्कृति और विरासत से छात्रों को अवगत कराना, अन्य राज्यों के लोगों के साथ बातचीत करना, मैत्री संबंधों को विकसित करना और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाना है। गृह राज्यमंत्री ने छात्रों का राष्ट्रीय राजधानी में स्वागत करते हुए उनसे कहा कि वे देश का भविष्य हैं और उन्हें जीवन में सफल होने के लिए ज्ञान और शिक्षा प्राप्त करने का सदैव प्रयास करना चाहिए। गृह राज्यमंत्री ने कहा कि हम सभी को अपने देश के बारे में ज्ञान प्राप्त करना चाहिए और देश के इतिहास, संस्कृति और परंपरा पर गर्व महसूस करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्राचीन समय से ही पूर्वोत्तर की अनेक हस्तियों ने देश की रक्षा और निर्माण में अनुकरणीय योगदान दिया है।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार पूर्वोत्तर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भारत सरकार की उज्ज्वला और स्वच्छ भारत जैसी कई योजनाओं के बारे में उनके साथ बातचीत की और कहा कि ये योजनाएं धीरे-धीरे, लेकिन मजबूती से पूर्वोत्तर सहित देश के लोगों के जीवन में लगातार सकारात्मक व सुधारात्मक बदलाव ला रही हैं। इस पहल के लिए असम राइफल्स को बधाई देते हुए गृह राज्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के शैक्षिक भ्रमण छात्रों को देश की मौजूदा विविधता को समझने में मदद करते हैं, चाहे वे क्षेत्रीय, धार्मिक, सांस्कृतिक, भाषाई विविधताएं हीं क्यों न हों, इससे उन्हें राष्ट्र की विविधता में एकता के बारे में जानकर गर्व का अनुभव होता है। उन्होंने छात्रों को अपने नजदीकी और प्रियजनों के साथ इस यात्रा के अनुभव साझा करने को कहा, ताकि उन्हें भी देश की विविधता में मजबूत एकता के बारे में पता चले।
असम राइफल्स की भूमिका और महत्व पर प्रकाश डालते हुए गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि ये पूर्वोत्तर में लोगों के मित्र और सीमाओं के प्रहरी हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हरेक छात्र को हमारे देश की पूर्वी सीमा को सुरक्षा करने और वहां स्थायी रूपसे शांति स्थापित करने में इस बल के समर्पण के बारे में जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ये पूर्वोत्तर में सरकार की विकास योजनाओं को लागू करने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने छात्रों के साथ बातचीत की और उनके प्रश्नों के जवाब भी दिए। उन्होंने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]