स्वतंत्र आवाज़
word map

आनंदीबेन पटेल अब उत्तर प्रदेश की राज्यपाल

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किए राज्यपाल इधर से उधर

लालजी टंडन का बिहार से मध्यप्रदेश को तबादला हुआ

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 20 July 2019 06:27:18 PM

anandiben patel

लखनऊ/ नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज राज्यपालों की नियुक्तियों में बदलाव को मंजूरी देते हुए मध्यप्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को उत्तर प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया है। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी के स्‍थान पर जगदीप धनखड़ राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं। रमेश बैस त्रिपुरा के राज्यपाल होंगे। बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन का तबादला मध्यप्रदेश किया गया है और अब फागु चौहान बिहार के राज्यपाल होंगे। आरएन रवि की नागालैंड के राज्यपाल के रूप में नियुक्ति की गई है। ये सभी नियुक्तियां पदभार संभालने की तिथि से प्रभावी होंगी। गौरतलब है कि इसी हफ्ते उत्तर प्रदेश के राजनेता कलराज मिश्र हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बनाए गए हैं, जबकि आचार्य देव व्रत को गुजरात के राज्यपाल के पद पर भेजा गया है। अनुसुइया उइके छत्तीसगढ़ की राज्यपाल बनाई गई हैं और बिस्वा भूषण हरिचंदन की आंध्र प्रदेश के राज्यपाल पद पर नियुक्ति की गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर आनंदीबेन पटेल को हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि आनंदीबेन पटेल एक वरिष्ठ एवं अनुभवी राजनेता हैं और वे जनता के हितों के प्रति अत्यंत संवेदनशील हैं, उन्हें गुजरात राज्य की प्रथम महिला मुख्यमंत्री होने का गौरव प्राप्त है और वे राज्यसभा सांसद भी रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आनंदीबेन पटेल के गुजरात सरकार में विभिन्न विभागों के मंत्री पद के दायित्वों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने इन पदों पर जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया है, उन्हें संवैधानिक प्राविधानों तथा संसदीय परम्पराओं की गहन जानकारियां हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]