स्वतंत्र आवाज़
word map

यामाहा ने लॉंच किया संगीत वाद्ययंत्र की-बोर्ड

भारतीय और वैश्विक संगीत शैलियों का है व्यापक समावेश

यामाहा म्यूजिक की भारत में विनिर्माण इकाई ‌विक‌सित

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 7 June 2019 01:25:43 PM

takashi haga managing director yamaha music india

मुंबई। यामाहा म्यूजिक इंडिया ने मेक इन इंडिया पहल के तहत अपना पहला भारतीय इलेक्ट्रॉनिक संगीत वाद्ययंत्र की-बोर्ड पीएसआर I500 लॉंच किया है। मुंबई में लॉंच कार्यक्रम में यामाहा म्यूज़िक इंडिया के प्रबंध निदेशक तकाशी हागा ने कहा कि यामाहा म्यूजिक इंडिया को भारत में अपनी विनिर्माण इकाई में निर्मित संगीत वाद्ययंत्र की-बोर्ड को प्रस्तुत करने पर गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया पहल के तहत हमने भारतीय और वैश्विक संगीत प्रेमियों के लिए अबतक का सबसे बहुमुखी और अनुकूलित पोर्टेबल की-बोर्ड तैयार किया है। उन्होंने कहा कि भारत विविधताओं का देश है और यह नया की-बोर्ड ग्राहकों की जरुरतों को पूरा करेगा। तकाशी हागा ने कहा कि यामाहा म्यूजिक इंडिया भारतीय बाज़ार के लिए न केवल अपने उपकरणों का उत्पादन करेगा, बल्कि भारत को अपना प्रमुख निर्यात केंद्र भी बनाएगा।
यामाहा म्यूज़िक इंडिया के प्रबंध निदेशक ने कहा कि संगीत का यह नया वाद्ययंत्र मॉडल उन वैश्विक संगीत प्रेमियों के लिए एक आदर्श और पोर्टेबल की-बोर्ड है, जिन्हें सीखने के साथ प्रदर्शन करना भी पसंद है। उन्होंने कहा कि इस उपकरण में ऑनबोर्ड भारतीय वाद्ययंत्रों की धुनें और ऑटो संगीतशैली के कार्यों का एक विशाल संग्रह होने के साथ ही देश के हर कोने से भारतीय संगीतशैलियों का व्यापक समावेश है। इसमें 801 वाद्ययंत्र धुन हैं, जिनमें से 40 भारतीय वाद्ययंत्रों की धुनें हैं। की-बोर्ड में विभिन्न प्रकार के वाद्ययंत्रों जैसे पियानो से सिंथेसाइज़र तक के उपकरणों का समावेश है, जो ऑर्केस्ट्रा क्लासिक्स से लेकर इलेक्ट्रॉनिक नृत्य संगीत तक की विभिन्न प्रकार की शैलियों और आवृत्तियों के संकेतों को उत्पन्न एवं संयोजित करके विभिन्न प्रकार की ध्वनियों का उत्पादन करता है।
तकाशी हागा ने कहा कि यह संगीत वाद्ययंत्र उपकरण संगीत प्रेमियों के लिए एक आदर्श पोर्टेबल की-बोर्ड है। उन्होंने कहा कि इसमें क्विक सैम्पलिंग जैसे कुछ फंक्शन भी शामिल किए गए हैं, जो विभिन्न स्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए सहायता हेतु डिजाइन किए गए हैं। इसके अलावा की-बोर्ड पीएसआर I500 में तबला, मृदंगम और तानपुरा फंक्शन, जिसे रियाज़ सहायक संगीत वाद्ययंत्र कहा जाता है, की-बोर्ड में पहले से ही शामिल हैं, इससे गाना बजाना और सीखने के साथ ही पारंपरिक भारतीय राग की भी जानकारी मिलती है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]