स्वतंत्र आवाज़
word map

गांधीनगर में राहुल-प्रियंका का मोदी पर हमला

मोदी व भाजपा के नाम पर जनता पर ही हमला बोल दिया

कांग्रेस के नेताओं में भाजपा का दामन थामने की होड़

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 12 March 2019 06:19:27 PM

priyanka gandhi vadra

गांधीनगर (गुजरात)। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और ‌प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के नाम पर देश पर ही हमला बोल दिया। प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने सात मिनट के हमलावर भाषण में कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव देश में आजादी की लड़ाई से कम नहीं है। गांधीनगर में कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद कांग्रेस रैली में प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि देश में हर जगह नफरत फैलाई जा रही है और इससे बड़ी कोई देशभक्ति नहीं हो सकती कि जनता जागरुक बने और अपने वोट का सही इस्तेमाल करे। पहलीबार गुजरात और साबरमती आईं प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि जनता गहराई से सोचे कि ये चुनाव क्या हैं और क्या चुनने जा रहे हैं, आप अपना भविष्य चुनने जा रहे हैं और फिजूल के मुद्दों पर ना जाएं। प्रियंका गांधी वाड्रा यह भूल गईं कि देश की जिस जनता ने भाजपा को शासन चलाने के लिए प्रचंड बहुमत दिया है, वह उसी जनता को चुनौती दे रही हैं। वे भूल गईं कि जनता ही भाजपा को देश में पूर्ण बहुमत से सत्ता में लाई है और उसने कांग्रेस को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया है, जिसकी प्रियंका गांधी वाड्रा महासचिव हैं और उनके भाई राहुल गांधी कांग्रेस के अध्यक्ष हैं।
कांग्रेस के लिए यह बड़ी ही हास्यास्पद स्थिति है कि गुजरात में कांग्रेस का एक भी लोकसभा सदस्य नहीं है और यहां की सभी सीटों पर भाजपा का कब्जा है और गुजरात में भी भाजपा की सरकार बनती आ रही है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुजरात से ही अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरु किया है, जिसकी शुरुआत कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक से हुई। कांग्रेस के लिए यह भी एक चुनौती और हास्यास्पद स्थिति है कि गुजरात में कांग्रेस के कई एमएलए कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने बारी-बारी से रैली को संबोधित किया और नरेंद्र मोदी एवं भाजपा पर ताबड़तोड़ हमले किए। इन दोनों नेताओं के भाषण में भाजपा से भयानक डर महसूस किया गया, यही कारण है कि उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय का समर्थन हासिल करने के लिए कहा कि‌ देश में बड़ी-बड़ी संस्‍थाओं को नष्ट किया जा रहा है और हर जगह नफरत फैलाई जा रही है एवं देश को अब केवल जागरुकता ही बचाएगी।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने रैली में कहा कि देश में जो हो रहा है, उससे दुख होता है और इससे बड़ी कोई देशभक्ति नहीं होगी कि जनता जागरुक मतदाता बने, जो उसका सत्ता बदलने का हथियार है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि उन्होंने साबरम‌ती आश्रम में पेड़ों के नीचे भजन सुनते हुए देश के बलिदानों को याद किया। उन्होंने कहा कि जनता सरकार से सवाल पूछे कि उसने जो बड़े-बड़े वादे किए थे, उनका क्या हुआ। उन्होंने कहा कि हमें देश के लिए और देश के विकास के लिए आगे बढ़ना है। प्रियंका गांधी वाड्रा का भाषण केवल अतिरंजित था और लोगों को भाजपा के खिलाफ उकसाने वाला था। जिस समय प्रियंका गांधी वाड्रा रैली को संबोधित कर रही थीं, उस समय दिल्ली में बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती कांग्रेस पर यह हमला बोले हुए थीं कि बहुजन समाज पार्टी देश में लोकसभा चुनाव में कहीं पर भी कांग्रेस से कोई समझौता नहीं करेंगी। दरअसल उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन में कांग्रेस को शामिल नहीं किया गया है और कांग्रेस भी घोषणा कर चुकी है कि वह उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस हाई कमान को यह भरोसा है कि उसने जिस प्रकार तीन राज्यों राजस्‍थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अपनी सरकार बनाई है, उसी प्रकार वह लोकसभा चुनाव में भी जीतकर आएगी। कांग्रेस के अलग चलने से कई जगहों पर त्रिकोणात्मक मुकाबला हो गया है, जिसका लाभ भाजपा को मिलने जा रहा है, इसके बावजूद गांधीनगर में भाई-बहन के तेवर ऐसे थे कि जैसे उनके लिए ये चुनाव बहुत अनुकूल है।
प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी ने कोई मौका नहीं छोड़ा जिसमें उन्होंने भाजपा गठबंधन सरकार पर गंभीर आरोप न लगाए हों। राहुल गांधी ने कहा कि जनता देश के खिलाफ माहौल बनाने वालों के खिलाफ डटकर मुकाबला करे। उन्होंने राफेल में कथित दलाली को फिर उछाला और मसूद अजहर के बारे में कहा कि कांग्रेस सरकार में उसे जेल में डाला गया था और भाजपा सरकार में उसको कंधार ले जाकर छोड़ा गया। राहुल गांधी ने कहा कि जब सीबीआई निदेशक ने नरेंद्र मोदी के खिलाफ जांच करने की कोशिश की तो उसे तुरंत हटा दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के आने पर देश में ऐतिहासिक निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने भाजपा और उसके सहयोगी संगठनों का नाम लिए बिना कहा कि दूसरी शक्तियां देश को कमजोर ‌कर रहीं है और इतिहास में ये पहलीबार हुआ है कि जजों को न्याय मांगना पड़ा है। उन्होंने घोषणा की कि गुजरात में ‌कांग्रेस की सरकार आने पर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा, क्योंकि यहां भाजपा सरकार ने कर्जा माफ नहीं किया है। उन्होंने कहा कि अब हम मोदी वाला हिंदुस्तान नहीं बनने देंगे, देश में इस समय विचारधारा की लड़ाई है, हमारे लिए हिंदुस्तान युवाओं का देश है और भाजपा के लिए अडानी, अंबानी, नीरव मोदी और मेहुल चौकसी का देश है।
राहुल-प्रियंका के आरोप भाजपा ने पूरी तरह खारिज किए हैं। भाजपा नेता अरुण जेटली ने कहा है कि कांग्रेस परिवार अपनी पराजय से डर रहा है। गुजरात में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक और रैली से राहुल-प्रियंका ने आशा की थी कि भाजपा ‌के खिलाफ यह देशव्यापी चुनावी बिगुल होगा, लेकिन रैली में अपेक्षा के अनुसार भीड़ दिखाई नहीं दी। कांग्रेस नेताओं ने जो भाषण दिए, उनमें केवल नरेंद्र मोदी पर हमला था, जिससे लगा कि उनका मुख्य टारगेट केवल नरेंद्र मोदी को सत्ता से बाहर करना है और यह बात ‌सर्वत्र कही जा रही है कि इसी अभियान में पड़ोसी देश पाकिस्तान भी शामिल है, जो नहीं चाहता कि देश में फिर से भाजपा और नरेंद्र मोदी का शासन आए। कांग्रेस नेताओं ने जिस प्रकार भाजपा और नरेंद्र मोदी को ललकारा उससे यह संदेश गया कि जिन्होंने भाजपा और एनडीए को बहुमत दिया है, वह सब देश विरोधी और सांप्रदायिक शक्तियां हैं। कांग्रेस नेताओं का गुजरात से भाजपा ‌और नरेंद्र मोदी विरोधी अभियान लोकसभा चुनाव में सफल हो पाएगा, इसमें राजनीतिक क्षेत्रों में संशय बना हुआ है। इसमें यह उल्लेखनीय तथ्य है कि कांग्रेस के कई नेता जहां-तहां भाजपा का दामन थाम रहे हैं और कांग्रेस चुनाव मैदान में अलग-थलग नज़र आ रही है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]