स्वतंत्र आवाज़
word map

जी अशोक कुमार बने नौसेना में वाइस चीफ

नौवहन और संचालन में हासिल है महत्वपूर्ण विशेषज्ञता

भारतीय नौसेना जहाजों के चुनौतीपूर्ण दायित्व संभाले हैं

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 30 January 2019 03:16:44 PM

g ashok kumar vice chief of the navy

नई दिल्ली। भारतीय नौसेना में वाइस एडमिरल रहे जी अशोक कुमार ने आज नौसेना वाइस चीफ का पदभार संभाल लिया है। सैनिक स्‍कूल अमरावतीनगर और राष्‍ट्रीय रक्षा अकादमी खड़कवासला पुणे के छात्र रहे वाइस एडमिरल जी अशोक कुमार ने 1 जुलाई 1982 में भारतीय नौसेना की एक्‍जेक्‍यूटिव शाखा में कमीशन प्राप्‍त किया था। नौसेना में अपने तीन दशक से अधिक समय के असाधारण करियर के दौरान उन्होंने स्टाफ और कमान के अनेक चुनौतीपूर्ण दायित्वों को संभाला है। वर्ष 1989 में कोच्चि में नौवहन और संचालन में विशेषज्ञता हासिल करने के बाद उन्होंने भारतीय नौसेना के जहाजों नीलगिरी, रणवीर और विक्रांत में नौवहन अधिकारी के रूपमें कार्य किया। वह आईएनएस कुलीश और रणवीर के कमान अधिकारी रहे और आईएनएस ब्रह्मपुत्र में कार्यकारी अधिकारी भी रहे।
नौसेना वाइस चीफ जी अशोक कुमार अपने महत्वपूर्ण कार्यकाल में समुद्र तट पर भारतीय नौसेना वर्कअप टीम में स्टाफ ऑफिसर, डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज वेलिंगटन में प्रशिक्षण टीम के प्रमुख, सिंगापुर में भारत के उच्चायोग में रक्षा सलाहकार और पश्चिमी नौसेना कमान के चीफ स्टाफ ऑफिसर (ऑपरेशंस) रह चुके हैं। फ्लैग रेंक में पदोन्नति पर उन्होंने फ्लैग ऑफिसर सी ट्रेनिंग, दक्षिणी नौसेना कमान के चीफ ऑफ स्टाफ और फ्लैग ऑफिसर महाराष्ट्र और गुजरात का कार्यभार भी संभाला है। वाइस एडमिरल के पद पर वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के कमांडेंट और नेवल स्टाफ के डिप्टी चीफ रहे हैं। वह डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज वेलिंगटन के ग्रेजुएट हैं और मऊ में आर्मी हायर कमान कोर्स के अलावा क्वांटिको, वर्जिनिया, अमेरिका में एक्सपीडिशनरी ऑपरेशंस कोर्स में शामिल हो चुके हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]